माकपा के नेता सीताराम येचुरी ने गुरुवार को कहा कि संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता पंजी (एनआरसी) के खिलाफ जनता के गुस्से के कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपनी असम यात्रा रद्द करनी पड़ी है। येचुरी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘सीएए, एनआरसी और एनपीआर के खिलाफ सड़कों पर जनता का गुस्सा इतना ज्यादा और इस सीमा तक उपजा है कि मोदी को दो बार असम दौरा रद्द करना पड़ा।’’

माकपा महासचिव ने पूछा, ‘‘इससे पहले जनता के गुस्से के कारण किसी राज्य का दौरा नहीं कर पाने वाले प्रधानमंत्री कौन थे, खासकर वह राज्य जो उनकी अपनी ही पार्टी द्वारा शासित हो?’’ उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी को असम में ‘खेलो इंडिया’ कार्यक्रम में हिस्सा लेने शुक्रवार को जाना था, लेकिन यात्रा स्थगित होने के लिये आधिकारिक तौर पर प्रधानमंत्री की व्यस्तता को कारण बताया गया है।

इससे पहले जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ भी मोदी को पिछले साल दिसंबर में असम में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने जाना था लेकिन आबे की भारत यात्रा रद्द होने के कारण इसे रद्द कर दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



