भिंड : मध्यप्रदेश के भिंड जिले में चंबल नदी पर बने बयालिस वर्ष पुराने एक पुल के क्षतिग्रस्त हो जाने के चलते उसमें आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा को जोड़ने वाले इस पुल से गुजरने वाले वाहनों को इस बीच दूसरे रास्तों से निकाला जाएगा। बताया गया है कि ग्वालियर-इटावा नेशनल हाइवे 92 पर जिले के बरही चंबल नदी के पुल के छठे पिलर की बेयरिंग टूट गई है जिससे पुल का एक स्लैब नीचे धसक गया है।
आज से चंबल पुल से वाहन निकलने पर प्रतिबंध लगाया गया है। मध्यप्रदेश के भिण्ड से उत्तरप्रदेश के आगरा, कानपुर जाने वाले वाहन फूफ से सहसों, चकरनगर से उदी चौराहा होते हुए इटावा जाएंगे। ग्वालियर से इटावा, कानपुर जाने वाले वाहन मुरैना, आगरा होकर निकाले जाएंगे। नेशनल हाइवे जोन लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री एम सी शर्मा का कहना है पुल की बेयरिंग बनवाने बात चल रही है।
बेयरिंग बनने के बाद मेंटेनेंस होगा। ऐसे में प्रतिबंध कितने दिन रहेगा यह फिलहाल नहीं बताया गया है। बताया गया है कि पुल की दोनों तरफ पुलिस जवान तैनात रहेंगे, ताकि पुल से किसी भी तरह के वाहनों को निकलने से रोका जा सके। साथ ही ईंटों की दीवार बनाई जाएगी, ताकि पूर्ण रूप से प्रतिबंध का पालन हो सके। इससे पहले वर्ष 2003 में भी इस पुल की बेयरिंग टूटी थी। तब पुल को एक माह बंद किया था।
इस बार भी पिलर की बेयरिंग बदलना है। कार्यपालन यंत्री श्री शर्मा का कहना है पुल में पुराने डिजाइन की बेयरिंग है। इस डिजायन की बेयरिंग का निर्माण अब नहीं होता है। इस डिजाइन की बेयरिंग बनवाने उत्तरप्रदेश पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर कंपनी से बात कर रहे हैं। बेयरिंग बनने के बाद पुल का मेंटेनेंस होगा। इसके बाद वाहनों का आवागमन शुरू किया जाएगा।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे


Download Android App
Download iOS App



