Puja Khedkar: भारतीय प्रशासनिक सेवा की परिवीक्षाधीन अधिकारी पूजा खेडकर ने पुणे के जिलाधिकारी सुहास दिवसे पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए वाशिम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
ओबीसी प्रमाण पत्र को लेकर सवालों के घेरे में हैं
खेडकर आईएएस परीक्षा उत्तीर्ण करते समय दिए गए दिव्यांगता और ओबीसी प्रमाण पत्र को लेकर सवालों के घेरे में हैं। पुणे कलेक्टर कार्यालय में तैनाती के दौरान किए गए आचरण को लेकर भी उनके खिलाफ जांच की जा रही है। अधिकारी ने बताया, ‘‘महिला पुलिसकर्मी सोमवार को वाशिम स्थित खेडकर के आवास पर पहुंचीं, जहां उन्होंने पुणे के जिला कलेक्टर सुहास दिवसे के खिलाफ उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई।’’
पुलिस ने विस्तृत जानकारी देने से किया मना
इससे पहले दिन में खेडकर ने टीवी समाचार चैनलों से बातचीत में पुलिसकर्मियों के उनके घर आने के कारणों के बारे में पूछे जाने पर विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने महिला पुलिस कर्मियों को बुलाया था क्योंकि मुझे कुछ काम था।’’ विवाद के बीच सरकार ने पूजा खेडकर के ‘जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम’’ को स्थगित कर दिया है और उन्हें ‘‘आवश्यक कार्रवाई’’ के लिए लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में लौटने का निर्देश दिया है।


Download Android App
Download iOS App



