मुम्बई : पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने अपने नेटवर्क विशेषकर मुम्बई महानगरीय क्षेत्र में सुरक्षा को बढ़ा दिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हुए थे। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हालांकि कोई विशेष खुफिया जानकारी नहीं है लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को यात्रियों की सुरक्षा के लिए हाई अलर्ट पर रखा गया है।
अधिकारियों ने कहा, ‘‘रेलवे बोर्ड के निर्देशों के बाद भारतीय रेलवे की शीर्ष संस्था ने अपने नेटवर्क विशेषकर मुम्बई में सुरक्षा को कड़ा कर दिया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पुलवामा हमले के मद्देनजर और आम चुनाव नजदीक होने के चलते मुम्बई में रेलवे अधिकारियों को रेलवे बोर्ड से सतर्क रहने के निर्देश मिले है।’’ उनके अनुसार गृह मंत्रालय ने न केवल रेलवे बल्कि स्थानीय पुलिस समेत अन्य प्राधिकारियों को भी हवाई अड्डों, सिनेमाघरों, मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कड़ी नजर रखने की सलाह दी है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उच्च अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद स्टेशनों पर सुरक्षा को कड़ा कर दिया गया है।
मध्य रेलवे (सीआर) के मुंबई मंडल के वरिष्ठ संभागीय सुरक्षा आयुक्त के के अशरफ ने कहा, ‘‘पुलवामा आतंकवादी हमले के मद्देनजर सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। हमनें सभी इकाइयों को सतर्क रहने के परामर्श जारी किये है।’’ अशरफ ने कहा, ‘‘ऐसी कोई विशेष खुफिया जानकारी नहीं है लेकिन हम अपने यात्रियों की सुरक्षा के लिए सामान्य निर्देशों का पालन कर रहे हैं।’’ पश्चिम रेलवे (डब्ल्यूआर) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। संपर्क किये जाने पर डब्ल्यूआर के मुख्य प्रवक्ता रवीन्द्र भाकर ने बताया कि सभी स्टेशनों पर विशेष सुरक्षा किये जाने आदेश दिये गये है।


Download Android App
Download iOS App



