बिहार की चिंता छोड़ जापान घूम रहे हैं नीतीश : पप्‍पू यादव

Summary :

NULL

पटना। जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्‍पू यादव ने सत्‍ता और मुख्‍य विपक्षी दल पर हमला करते हुए कहा है कि मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार जापान घूम रहे हैं और विपक्ष न्‍याय यात्रा पर है। जनता की चिंता किसी को नहीं है। उन्‍होंने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि सरकार के अधिकारी साजिश के तहत छात्रों का भविष्‍य बर्बाद करना चाहते हैं। सरकार ने तालिबानी फरमान जारी किया है कि परीक्षार्थी परीक्षा में जूता-मोजा पहन कर नहीं आएंगे। यह बिहार के छात्रों का अपमान है, बिहारी प्रतिभाओं का अपमान है।

श्री यादव ने कहा कि स्‍कूलों में शिक्षकों का घोर अभाव है। शिक्षकों के लाखों पद रिक्‍त हैं। स्‍कूल-कॉलेजों में पढ़ाई नहीं हो रही है। शिक्षा की गुणवत्‍ता समाप्‍त हो गयी है। इसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। सांसद ने कहा कि मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार जापान यात्रा पर हैं और बिहार जल रहा है। मुख्‍य विपक्षी दल जनता के मुद्दों पर संघर्ष करने के बजाये परिवार की सत्‍ता बनाने व बचाने के लिए न्‍याय यात्रा कर रहा है।

उन्‍होंने कहा कि जन अधिकार पार्टी (लो) मजबूत व सक्षम विपक्ष व विकल्‍प देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। पटना विश्‍वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में जन अधिकार छात्र परिषद की शानदार जीत ने बिहार में राजनीति की नयी शुरुआत की है। श्री यादव ने कहा कि पार्टी जनता की नयी उम्‍मीद बनकर उभर रही है और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास कर रही है।

अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।

Desk Team