दिल्ली में गठबंधन की संभावना को लेकर बनी असमंजस की स्थिति के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के साथ गठबंधन करने को तैयार है, लेकिन अरविंद केजरीवाल ‘यूटर्न’ ले रहे हैं। दूसरी तरफ, आप संयोजक केजरीवाल ने कहा कि ऐसा लगता है कि गठबंधन को लेकर कांग्रेस सिर्फ दिखावा कर रही है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि गठबंधन को लेकर बातचीत अभी खत्म नहीं हुई है। खबर यह भी है कि आप नेता संजय सिंह बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल से मुलाकात कर सकते हैं।
गांधी ने ट्वीट कर कहा, ”दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन का मतलब भाजपा का सूपड़ा साफ होना है। यह सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस आप को चार सीटें देने की इच्छुक है।” उन्होंने यह भी दावा किया, ”परन्तु केजरीवाल जी ने एक और यूटर्न ले लिया है।” गांधी ने कहा, ”हमारे दरवाजे अभी भी खुले हुए हैं, लेकिन समय बीता जा रहा है।’
कांग्रेस अध्यक्ष के ट्वीट के जवाब में केजरीवाल ने कहा, ‘‘कौन सा यूटर्न?अभी तो बातचीत चल रही थी। आपका ट्वीट दिखाता है कि गठबंधन आपकी इच्छा नहीं मात्र दिखावा है।मुझे दुःख है आप बयान बाज़ी कर रहे हैं। आज देश को मोदी-शाह के ख़तरे से बचाना अहम है। दुर्भाग्य कि आप उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में भी मोदी विरोधी वोट बाँट कर मोदी जी की मदद कर रहे हैं।’’
आप के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने कहा, ‘‘राहुल गांधी जी 18 सीटों पर बीजेपी को हराने के लिए दिलचस्पी क्यों नही दिखा रहे हैं। राहुल जी ने 4 सीट का दरवाजा खोला है तो हमने दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 18 सीट पर भाजपा को हराने के लिए दरवाजा खोल रखा है।’’ दरअसल, कांग्रेस गठबंधन सिर्फ दिल्ली में चाहती है तो आप दिल्ली के साथ हरियाणा और चंडीगढ़ में भी तालमेल पर जोर दे रही है।


Download Android App
Download iOS App



