नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरु रविदास जयंती पर दी बधाई,कहा उनके आदर्श सदैव मार्गदर्शन करेंगे

Summary :

राहुल गांधी ने गुरु रविदास के संदेशों को बताया मार्गदर्शक

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को गुरु रविदास जयंती के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। 15वीं और 16वीं शताब्दी में भक्ति आंदोलन के एक पूज्य संत गुरु रविदास को एकता, भक्ति और मानवता की सेवा के अपने शक्तिशाली संदेश के लिए जाना जाता है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आप सभी को संत गुरु रविदास जी की जयंती पर हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी शिक्षा हमें मानवता की सेवा, सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देती हैं – उनके ये आदर्श सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।”

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी गुरु रविदास की एक कविता के अंश के साथ सोशल मीडिया पर अपनी शुभकामनाएं साझा कीं। खड़गे ने एक्स पर लिखा, ” कृस्न, करीम, राम, हरि, राघव, जब लग एक न पेखा।वेद कतेब कुरान, पुरानन, सहज एक नहिं देखा। जात-पात, छुआछूत, आडंबर, अन्याय, भेदभाव, नफ़रत, असमानता व समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के लिए अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज में एक नई चेतना जगाने वाले, सामाजिक न्याय के पुरोधा, संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।”

केरल के वायनाड लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “रैदास हमारो साइयां, राघव राम रहीम। सभ ही राम को रूप है, केसो क्रिस्न करीम॥ संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं। गुरु रविदास जी ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार कर मानवता, समता, शांति और सद्भावना का संदेश दिया। उनके महान विचार देश को सदैव रास्ता दिखाएंगे।”इस अवसर पर कई राज्यों ने सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड ने राज्यव्यापी अवकाश घोषित किया है, जबकि दिल्ली सरकार ने भी सरकारी और सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।

पंजाब और हरियाणा में चंडीगढ़, मोहाली, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे शहरों में सरकारी कार्यालय और स्कूल बंद रहेंगे। उत्तराखंड में सचिवालय और कोषागार को छोड़कर राज्य सरकार के सभी संस्थानों में बुधवार को अवकाश घोषित किया गया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.