हैदराबाद, 14 नवंबर (आईएएनएस)। राज्यसभा सांसद एटेला राजेंद्र ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भारतीय लोकतंत्र को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
राज्यसभा सांसद एटेला राजेंद्र ने आईएएनएस से कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं को लंबे समय तक सम्मान और सत्ता दी है। जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी जैसे नेता लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत ही प्रधानमंत्री बने। देश में आज भी वही लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाएं काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जिस सुप्रीम कोर्ट और निर्वाचन आयोग की व्यवस्था पहले थी, वही संस्थाएं आज भी मौजूद हैं।
उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों से सत्ता से बाहर रहने के कारण वे बेचैन हैं और लगातार देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। एटाला राजेंद्र ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जॉर्ज सोरोस और उनसे जुड़े संगठनों का जिक्र करते हुए दावा किया कि राहुल गांधी के ऐसे संगठनों से संबंध हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न देशों की राजनीतिक परिस्थितियों को प्रभावित करने में भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका में हुए राजनीतिक घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में भी इसी तरह की अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद में बहस करने की चुनौती पर कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और यदि उन्हें प्रधानमंत्री या सरकार से कोई सवाल पूछना है तो उन्हें संसद के भीतर मुद्दा उठाना चाहिए। संसद में तथ्यों के साथ चर्चा होनी चाहिए क्योंकि वहां जवाबदेही तय होती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद के बाहर बयान देकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। एटेला राजेंद्र ने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी और कच्छ से अरुणाचल प्रदेश तक देश की जनता लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखती है। भारतीय नागरिक देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का विरोध करेंगे।
–आईएएनएस
एसएके/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



