केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। बंद को राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के अलावा स्थानीय पार्टयों का भी समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों के इस बंद का समर्थन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला किया है।
राहुल ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘‘मोदी जी, किसानों से चोरी बंद करो। सभी देशवासी जानते हैं कि आज भारत बंद है। इसका संपूर्ण समर्थन करके हमारे अन्नदाता के संघर्ष को सफल बनाएं।’’
मोदी जी, किसानों से चोरी बंद करो!
सभी देशवासी जानते हैं कि #आज_भारत_बंद_है। इसका सम्पूर्ण समर्थन करके हमारे अन्नदाता के संघर्ष को सफल बनायें।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) December 8, 2020
इससे पहले सोमवार को भी राहुल ने प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते कहा कि ‘अदानी-अंबानी कृषि कानून’ रद्द करने होंगे। और कुछ भी मंजूर नहीं! पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी किसान संगठनों के ‘भारत बंद’ का समर्थन किया और लोगों से किसानों का साथ देने की अपील की है। विपक्षी दलों समेत कई क्षेत्रीय संगठनों ने केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों के ‘भारत बंद’ के आह्वान को अपना समर्थन दिया है।
मुद्दा विहीन विपक्ष हो चुका हताश, राजनीतिक रोटी सेंकने के लिए किसानों को कर रहा गुमराह : मनोज तिवारी
इन कानूनों को निरस्त किए जाने की मांग को लेकर दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का आंदोलन पिछले 13 दिन से जारी है। सरकार और कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों के प्रतिनिधियों के बीच पांच दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई सहमति नहीं बन पाई है।
विरोध कर रहे किसान इन कानूनों को निरस्त किये जाने की मांग पर अड़े हैं। वहीं सरकार का कहना है कि ये तीनों कृषि कानून किसानों के हित में हैं। इनसे किसानों को उपनी उपज देश में कहीं भी बेचने की स्वतंत्रता मिलेगी और बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी।


Download Android App
Download iOS App



