लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मानहानि के मामले में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की सुल्तानपुर कोर्ट में पेश होंगे। राहुल गांधी आज सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ ने उनका स्वागत किया। इस मामले पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा, “वह कोर्ट में पेश होंगे। उन्हें परेशान करने के लिए देश भर में उनके खिलाफ 30-31 मामले दर्ज किए गए हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी बहादुरी से लड़ रही है।”
- नेता राहुल गांधी आज मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट में पेश होंगे
- राहुल आज लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया
कांग्रेस ने लगाए ये आरोप
कांग्रेस नेता अजय कुमार लल्लू ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता लोगों के अधिकारों के लिए लड़ने वाले पार्टी सांसद के खिलाफ फर्जी मामले दर्ज करते हैं। अजय कुमार लल्लू ने कहा, “सुल्तानपुर कोर्ट में उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज है। भाजपा के नेता उन्हें परेशान करने के लिए लगातार फर्जी मुकदमे दर्ज करा रहे हैं, लेकिन उन्होंने हमेशा जनता के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी है और दलितों, पिछड़ों की आवाज उठाई है। कांग्रेस पार्टी का हर कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ खड़ा है।” यह मामला भाजपा नेता विजय मिश्रा द्वारा 2018 में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था।
गृह मंत्री अमित शाह से जुड़ा है मामला
शिकायतकर्ता के वकील संतोष कुमार पांडे ने कहा कि राहुल गांधी ने 8 मई, 2018 को बेंगलुरु में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। जिसके बाद भाजपा नेता विजय मिश्रा ने सुल्तानपुर में मानहानि का मुकदमा दायर किया। आज राहुल गांधी को यहां एक अदालत के सामने पेश होना है। आज उनके बयान दर्ज किए जाएंगे और आगे की कार्यवाही होगी।” यह मामला 4 अगस्त, 2018 को सुल्तानपुर के जिला एवं सत्र न्यायालय एमपी-एमएलए कोर्ट में दायर किया गया था। राहुल गांधी ने कथित तौर पर कर्नाटक चुनाव से पहले बेंगलुरु में एक चुनावी रैली के दौरान यह टिप्पणी की थी। इससे पहले उन्हें 2 जुलाई को बुलाया गया था, लेकिन राहुल गांधी तब नहीं पहुंच पाए थे। अदालत में राहुल के वकील काशी प्रसाद शुक्ला ने तब मामले की सुनवाई के लिए नई तारीख मांगी थी, इसके बाद अदालत ने राहुल गांधी को 26 जुलाई यानी आज पेश होना है।
क्या है पूरा केस?
दरअसल सुल्तानपुर की एमपीएमएलए कोर्ट में अगस्त 2018 में मानहानि का मुकदमा दायर हुआ था। मुकदमा बीजेपी नेता विजय मिश्रा ने दायर किया था।उन्होंने आरोप लगाया था कि 8 मई को कर्नाटक के बेंगलुरु में एक चुनावी सभा मे राहुल गांधी ने अमित शाह को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की थी। इस मामले में राहुल गांधी को इसी साल फरवरी में जमानत मिल चुकी है। सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष व भाजपा नेता विजय मिश्र ने राहुल गांधी के विरुद्ध पांच साल पहले विशेष न्यायालय में परिवाद दायर किया था, जिसमें मुकदमा चलाया जा रहा है। विजय के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने बताया कि परिवाद में आरोप है कि 15 जुलाई 2018 को पार्टी कार्यकर्ता अनिरुद्ध शुक्ल व दिनेश कुमार ने अपने मोबाइल पर एक वीडियो क्लिप दिखाया था। इसमें राहुल गांधी अमित शाह को हत्यारा कह रहे थे। उनका यह बयान जस्टिस लोया की मृत्यु से संबंधित था, जिसमें सर्वोच्च न्यायालय द्वारा शाह को क्लीन चिट दे दी गई थी।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



