राफेल पर राहुल का मोदी पर निशान, कहा – ओपन बुक परीक्षा से बच निकले प्रधानमंत्री

Summary :

दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ‘भारतीय विज्ञान कांग्रेस’ में शामिल होने के लिए गुरुवार को पंजाब की ‘लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी’ (एलपीयू) पहुंचे।

राफेल मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संसद में ‘ओपन बुक परीक्षा’ की चुनौती देने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरवार को आरोप लगाया कि मोदी इस परीक्षा से बचकर निकल लिए और अब पंजाब के एक विश्वविद्यालय में छात्रों को लेक्चर दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में छात्र वो चार सवाल प्रधानमंत्री से करें जो उन्होंने कल ट्विटर पर पूछे थे।

दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ‘भारतीय विज्ञान कांग्रेस’ में शामिल होने के लिए गुरुवार को पंजाब की ‘लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी’ (एलपीयू) पहुंचे। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि हमारे प्रधानमंत्री संसद और अपनी ओपन बुक परीक्षा से बच निकले। इसकी बजाय वह पंजाब में लवली यूनिवर्सिटी के छात्रों को लेक्चर दे रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं छात्रों से आग्रह करता हूं कि वे प्रधानमंत्री से सम्मान के साथ वो चार सवाल पूछें जो मैंने कल उनसे किए थे।’’ गौरतलब है कि गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी को राफेल पर ‘ओपन बुक परीक्षा’ की चुनौती देते हुए ट्विटर पर चार सवाल किए थे। उन्होंने ट्वीट कर पूछा था, ‘‘126 की जगह 36 विमानों की जरूरत क्यों? 560 करोड़ रुपये प्रति विमान की जगह 1600 करोड़ रुपये क्यों? मोदी जी, कृपया हमें बताइए कि पर्रिकर जी राफेल फाइल अपने बेडरूम में क्यों रखते हैं और इसमें क्या है? ‘एचएएल’ की जगह ‘एए’ क्यों? क्या वह (मोदी) आएंगे या प्रतिनिधि भेजेंगे?’’

Desk Team