Railway : महिला सुरक्षा व उनके साथ होने वाली छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। भारतीय रेलवे ने महिला यात्रा को सुगम व चिंता रहित बनाने के उद्देश्य से आगामी एक जुलाई से यात्रा संबंधी कड़े नए नियम लागू कर दिए हैं, जिनके तहत महिलाओं के लिए आरक्षित डिब्बों में यात्रा करते पाए जाने वाले पुरुष यात्रियों पर ढाई हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, वैध अनुमति के बिना महिला कोच में पाए जाने वाले किसी भी पुरुष यात्री पर मौके पर ही 2500 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा और बार-बार उल्लंघन करने वालों पर रेल अधिनियम 1989 की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें एक निश्चित अवधि के लिए भविष्य में रेल यात्रा से प्रतिबंधित भी किया जा सकता है। इसके अलावा बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बिना टिकट यात्रा करने वालों पर अब 500 रूपये का जुर्माना लगाया जाएगा। यह धनराशि पहले 250 रूपये थी। सूत्रों ने बताया कि रेल कोच में प्रतिबंधित सामान ले जाने पर भी 10 हजार तक का जुर्माना लगाया जाएगा। नशे में हंगामा करने या यात्रियों को परेशान करने पर जुर्माना के साथ-साथ जेल भी हो सकती है। गलत टिकट पर या दूसरे यात्री के टिकट पर यात्रा करते पाये जाने पर टिकट जब्ती के साथ पूरे किराए की वसूली व जुर्माना लगाया जा सकता है।
सूत्रों ने बताया कि यह नियम एक्सप्रेस, मेल और वंदे भारत, राजधानी और शताब्दी जैसी प्रीमियम श्रेणियों की सभी ट्रेनों पर लागू होंगे। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और टिकट जांच कर्मचारी (टीटीई) को विशेषरूप से रात्रि सेवा और व्यस्त समय के दौरान बार-बार जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान लंबी दूरी की ट्रेन में महिला डिब्बों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां महिलाएं अक्सर अकेले यात्रा करती हैं।
सूत्रों ने बताया कि महिला यात्रियों ने आरक्षित डिब्बों में पुरुषों के प्रवेश को लेकर बार-बार चिंता जतायी थी जिससे उन्हें असुविधा होती है और उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है। इन्हीं परेशानियों को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह कदम उठाया है।
महिला डिब्बों का रंग गुलाबी करने की मांग
महिला की सुरक्षा को सुनिश्चित करने की दिशा में रेलवे यात्री संघ ने सरकार व रेलवे से बड़ी मांग की है। डेली पैसेंजर एसोसिएशन पालम. दिल्ली रेवाड़ी के महासचिव बालकृष्ण अमरसरिया ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर सहित देशभर में लोकल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के महिला डिब्बों में कई बार महिला पट्टी नहीं होती जिसके चलते पुरुष यात्री उस डिब्बे मे चढ़ जाते है। जिससे उनको जुर्माना देना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए दिल्ली-एनसीआर सहित महिलाओं के रेल के डिब्बे गुलाबी रंग के किए जाएं। उन्होंने एक्स के माध्यम से पीएम मोदी व रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से यह मांग साझा की है।
यह भी पढ़ें : संत कबीर के नाम पर प्रतियोगिताएं और पुरस्कार शुरू करेगी दिल्ली सरकार : CM रेखा गुप्ता


Download Android App
Download iOS App




