संत कबीर के नाम पर प्रतियोगिताएं और पुरस्कार शुरू करेगी दिल्ली सरकार : CM रेखा गुप्ता

Delhi : संत कबीर के नाम पर प्रतियोगिताएं और पुरस्कार शुरू करेगी दिल्ली सरकार : CM रेखा गुप्ता

Delhi : दिल्ली सरकार संत कबीर के नाम पर प्रतियोगिताएं एवं पुरस्कार शुरू करेगी। इस दौरान युवा पीढ़ी तक उनका अमर संदेश पहुंचेगा। यह बात दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नजफगढ़ में रविवार को संत कबीर दास के प्रकटोत्सव के अवसर पर दिल्ली सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा एक भव्य राज्यस्तरीय समारोह के आयोजन अवसर पर कही।

इस अवसर पर भारत सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा, दिल्ली के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह, विधायक नीलम पहलवान, निगम पार्षद अमित खरखड़ी सहित जनप्रतिनिधि, संत समाज, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, विद्वान, वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली भारत की विविधता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर और सम्मान मिलता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए दिल्ली सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है तथा जनसेवा को ही अपना सर्वोच्च दायित्व मानती है।

संत कबीर के प्रकटोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनके जीवन और विचारों को सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का कालजयी संदेश बताते हुए कहा कि आज भी उनके दोहे और शिक्षाएं समाज को सही दिशा प्रदान करती हैं।

संत कबीर ने जाति और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर एकता का दिया संदेश

रेखा गुप्ता ने कहा कि संत कबीर ने जाति, पंथ और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश दिया, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है। संत कबीर के विचार आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं और उनके संदेशों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दिल्ली सरकार संत कबीर के नाम पर प्रतियोगिताएं एवं पुरस्कार प्रारंभ करेगी, जिससे उनके विचारों, दोहों और मानवता के संदेश को विशेष रूप से युवाओं तक पहुंचाया जा सके तथा सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और मानवीय मूल्यों को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

संत कबीर के आदर्श समरस, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी प्रेरणा : इन्द्राज

रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि संत कबीर ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से समाज को समानता, सद्भाव, भाईचारे और मानवता का अमूल्य संदेश दिया। उन्होंने सामाजिक भेदभाव, ऊंच-नीच और कुरीतियों के विरुद्ध आवाड उठाते हुए प्रेम, सत्य और सदाचार पर आधारित समाज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।

दिल्ली सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार महापुरुषों की शिक्षाओं और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता और जनजागरण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संत कबीर दास जयंती का यह आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव, सामाजिक समानता और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

यह भी पढ़ें : मीका सिंह के म्यूजिक कॉन्सर्ट के जरिए दिल्ली पुलिस ने दिया नशे के खिलाफ संदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।