Delhi : दिल्ली पुलिस ने युवाओं को नशे की दलदल से बचाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। ड्रग्स के कारोबार पर कड़ा प्रहार करने के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस ने प्रसिद्ध गायक मीका सिंह के लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इसी के साथ ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा-2026’ का एक भव्य सांस्कृतिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम के साथ समापन किया गया।
इस मौके पर केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2027 तक नशा मुक्त दिल्ली का लक्ष्य हासिल करने के लिए सरकार और समाज दोनों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने युवाओं से नशे के बजाय खेल और सकारात्मक जीवन को अपनाने की अपील की।
इस मौके पर दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा, स्पेशल सीपी (क्राइम) एचजीएस धालीवाल सहित दिल्ली पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य अतिथि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। यहां बता दें कि इस जागरूकता पखवाड़े की शुरुआत गत 12 जून को लाल किला से की गई थी।
स्पेशल सीपी (क्राइम) एचजीएस धालीवाल ने कहा कि ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ को सफल बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के मार्गदर्शन तथा दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोल्छा के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। वर्ष 2025 के दौरान दिल्ली पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 2,154 मामले दर्ज कर 2,853 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया।
वहीं वर्ष 2026 में 15 जून तक 1,418 मामले दर्ज किए गए हैं और 1,812 तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत 14.99 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं। अब तक 39 निरोधात्मक आदेश जारी किए जा चुके हैं, जबकि 48 प्रस्ताव विचाराधीन हैं।
अब तक 14 बड़े चलाए ऑपरेशन
स्पेशल सीपी एचजीएस धालीवाल ने बताया कि मई 2023 में शुरू किए गए ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत अब तक 14 बड़े अभियान चलाए जा चुके हैं। गत 22 से 24 जून तक चलाए गए 14वें अभियान में दिल्ली के 15 पुलिस जिलों में 1,474 पुलिस टीमों ने 4,035 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 212 मामले दर्ज कर 255 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा आर्म्स एक्ट के 315 मामलों में 329 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा बड़ी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए गए। आबकारी अधिनियम के 398 मामलों में 405 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई।
यह भी पढ़ें : फाइलें ऑनलाइन, काम में तेजी, ई-ऑफिस से बदली सरकारी कामकाज की प्रक्रिया: CM रेखा गुप्ता


Download Android App
Download iOS App




