भाजपा ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए अपने 83 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को उनके वर्तमान विधानसभा सीट झालरापाटन से ही चुनावी मैदान में उतारा है। आपको बता दें कि भाजपा की वर्तमान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया प्रदेश की झालरापाटन विधानसभा से वर्ष 2003, 2008, 2013 और 2018 में लगातार चार बार चुनाव जीत चुकी हैं।
ज्योति मिर्धा व विश्वराज सिंह को भी मिला टिकट
भाजपा ने हाल ही में कांग्रेस छोड़कर पार्टी में शामिल होने वाली ज्योति मिर्धा को नागौर विधानसभा सीट से एवं इसी सप्ताह 17 अक्टूबर को भाजपा में शामिल होने वाले महाराणा प्रताप के वंशज विश्वराज सिंह मेवाड़ को नाथद्वारा से उम्मीदवार घोषित किया है।
भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति ने राजस्थान में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव 2023 के लिए निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। (1/2) pic.twitter.com/Gi1XdLS812
— BJP (@BJP4India) October 21, 2023
अन्य उम्मीदवारों की बात करें तो भाजपा ने शनिवार को जारी अपनी दूसरी लिस्ट में सिद्धि कुमारी को बीकानेर पूर्व, राजेंद्र राठौड़ को तारानगर, संतोष अहलावत को सुरजगढ़, सतीश पुनिया को अंबेर, कालीचरण सराफ को मालवीय नगर, हेम सिंह भड़ाना को थानागाजी, नरपत सिंह राजवी को चित्तौड़गढ़, दीप्ति महेश्वरी को राजसमंद और गोविंद रानीपुरिया को मनोहर थाना से उम्मीदवार घोषित किया है।
इससे पहले, भाजपा ने राजस्थान के लिए अपनी पहली लिस्ट 9 अक्टूबर को जारी की थी, जिसमें पार्टी ने 41 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। दूसरी लिस्ट के 83 उम्मीदवारों को मिलाकर पार्टी अब तक राजस्थान के कुल 124 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



