Ranveer Allahabadia को सुप्रीम कोर्ट से राहत, पासपोर्ट रिलीज का आदेश

Summary :

शर्तों के साथ सुप्रीम कोर्ट ने पासपोर्ट जारी करने की अनुमति दी

सुप्रीम कोर्ट ने यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया को उनके पासपोर्ट की रिहाई का आदेश दिया है, जिससे उन्हें राहत मिली है। कोर्ट ने जांच पूरी होने की पुष्टि की और पासपोर्ट रिलीज के लिए महाराष्ट्र साइबर सेल से आवेदन की अनुमति दी। हालांकि, रणवीर को आवश्यकता पड़ने पर पेश होना होगा।

समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में अश्लील टिप्पणी कर फंसे यूट्यूबर-पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया के लिए सोमवार राहत भरा रहा। सुप्रीम कोर्ट ने उनके पासपोर्ट को रिलीज करने का आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने शर्तों के साथ पासपोर्ट रिलीज करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने बताया कि इलाहाबादिया के खिलाफ जांच पूरी हो चुकी है। हालांकि, जब भी जरूरत होगी इलाहाबादिया को पेश होना पड़ेगा। सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबादिया को महाराष्ट्र साइबर सेल से पासपोर्ट हासिल करने के लिए आवेदन करने की भी अनुमति दे दी है। 1 अप्रैल को हुई सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने यूट्यूबर-पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया को झटका देते हुए पासपोर्ट जारी करने की मांग वाली उनकी याचिका खारिज कर दी थी। सुनवाई के दौरान रणवीर के वकील ने कहा कि पॉडकास्टर जांच में सहयोग कर रहे हैं, जहां भी पूछताछ के लिए बुलाया जाता है, वहां वह जाते हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने रणवीर इलाहाबादिया की पासपोर्ट याचिका खारिज की

इससे पहले, सुप्रीम कोर्ट ने रणवीर इलाहाबादिया को इस शर्त पर अपने पॉडकास्ट को फिर से शुरू करने की अनुमति दी थी कि वह “शालीनता और नैतिकता के मानकों” को बनाए रखेंगे। याचिका पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने रणवीर इलाहाबादिया को भविष्य में फिर ऐसी गलती न करने की शर्त पर उन्हें गिरफ्तारी से राहत के साथ पॉडकास्ट करने की अनुमति दी थी। इस बीच सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर रणवीर इलाहाबादिया ने प्रशंसकों को जानकारी दी कि वह नए पॉडकास्ट के लिए तैयार हैं। माफी मांगने के साथ ही रणवीर ने कहा कि वह अब और अधिक जिम्मेदारी के साथ कंटेंट तैयार करेंगे। इसके साथ ही एक और मौका देने की भी बात कही। उन्होंने लोगों से रणवीर शो में एक नए रणवीर को देखने की भी बात कही।

रणवीर ने बताया कि यह दौर उनके लिए बेहद कठिन था, लेकिन दोस्तों से मिले सकारात्मक संदेशों और अपनों के साथ ने उनकी मदद की। इसके साथ ही उन्होंने प्रशंसकों से वादा किया कि वह “अधिक जिम्मेदारी” के साथ कंटेंट बनाएंगे। उन्होंने कहा कि बहुत सारी धमकियों और विरोध में लिखे गए कई न्यूज आर्टिकल के बीच, मिले समर्थन और मैसेज ने उनका और उनके परिवार का बहुत साथ दिया। उन्होंने कहा, “जीवन के सबसे बुरे पलों में ही आपको एहसास होता है कि केवल सफलता ही आपके साथ नहीं होगी, आपको असफलता का सामना भी करना पड़ेगा। तो आज मैं सिर्फ अपने दिल की बात आप लोगों से शेयर करूंगा, खास तौर पर उन लोगों के लिए, जिन्होंने हमारी मदद की।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.