नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जयंती के अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं ने उनको नमन किया है।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा गया, “संपूर्ण विश्व को शांति और अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जीवन अपने आप में एक आदर्श था। उनके स्वदेशी, स्वराज के विचार सदियों को प्रेरित करते रहेंगे। गांधी जयंती के अवसर पर बापू को कोटि-कोटि नमन।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा गया, “सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर संपूर्ण विश्व को स्वदेशी व अहिंसा के माध्यम से स्वाधीनता का संदेश देने वाले, ‘राष्ट्रपिता’ महात्मा गांधी जी की पावन जयंती पर कोटिश: नमन। प्रदेश वासियों को ‘अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस’ की शुभकामनाएं। श्रद्धेय बापू के आदर्श, सादगी और विचार आज भी हम सभी को आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।”
राजस्थान को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “गांधी जयंती के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं! महात्मा गांधी जी का जीवन हमें सादगी, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। आइए, उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए स्वच्छ, सशक्त एवं आत्मनिर्भर राजस्थान के निर्माण में सहभागी बनें।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “महात्मा गांधी की जीवन-यात्रा राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण की एक विराट साधना थी। सत्य और अहिंसा के उनके विचारों ने विश्व को मानवता और शांति का मार्ग दिखाया। स्वदेशी, स्वावलंबन और स्वराज का उनका चिंतन आज भी भारत की चेतना में जीवंत है और आत्मनिर्भर, समर्थ एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण की हमारी यात्रा को प्रेरित करता है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन।”
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा गया, “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के उनके विचार आज भी पूरी मानवता को शांति, सद्भाव और प्रेम का संदेश देते हैं। अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस की सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।”
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “स्वदेशी, स्वच्छता और स्वावलंबन को जनचेतना का आधार बनाने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन! उनका जीवन सेवा, स्वच्छता और समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के प्रति समर्पित रहा। उनके आदर्श आज भी हमें राष्ट्रहित और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर मनाए जाने वाले ‘अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस’ की सभी देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं! आइए, उनके आदर्शों को आत्मसात कर स्वच्छ और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लें।”
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को जन-आंदोलन का स्वरूप देने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती पर उन्हें शत्-शत् नमन। पूज्य बापू ने अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देशवासियों में स्वाधीनता की चेतना जगाई। स्वदेशी, स्वावलंबन, स्वच्छता और सामाजिक समरसता को लेकर उनके विचारों ने राष्ट्र निर्माण को नई दिशा दी। सादगी, सेवा और मानवता से परिपूर्ण उनका जीवन सदैव हमें राष्ट्रहित एवं जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।”
–आईएएनएस
एसडी/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



