कोविड-19 : देश में पिछले 24 घंटे में 55 हजार से अधिक नए मरीजों का रिकॉर्ड, 779 लोगों ने गंवाई जान

Summary :

शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़े के अनुसार भारत में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16,38,871 तक पहुंच गई है वहीं अब तक इस वायरस से 35,747 लोगों की मौत हो चुकी है।

वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप भारत में लगातार तेज है। देश में हर दिन कोरोना से संक्रमितों और मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। तमाम सावधानियों के बावजूद इस खतरनाक वायरस का फैलाव थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक देश में कोरोना से संक्रमितों की संख्या 16 लाख 38 हजार के पार  है वहीं इस महामारी से 36 हजार के करीब लोगों की मौत हो चुकी है।
एक दिन में भारत में पीड़ित लोगों की संख्या में अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड 
शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़े के अनुसार भारत में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16,38,871 तक पहुंच गई है वहीं अब तक इस वायरस से 35,747 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 55,079 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या 16 लाख के पार हो गया है। इस दौरान कोरोना संक्रमण के कारण 779 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 36 हजार के करीब हो चुका है। यह एक दिन में भारत में पीड़ित लोगों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।
साढ़े दस लाख से अधिक लोगों ने महामारी से पाया निजात, साढ़े 5 लाख के करीब एक्टिव केस
देश में गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को संक्रमितों और मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।  मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार कोरोना संक्रमितों और मृतकों की संख्या में पिछले कुछ समय से लगातार बढ़ोतरी हो रही है और हर दिन रिकॉर्ड तोड़ आंकड़े आ रहे है। हालांकि स्वास्थ्य मंत्रालय  द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना से संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने की रफ्तार भी तेज हुई है 16,38,871 मामलों में 5,45,318 कोरोना के सक्रिय केस हैं और 10,57,806  ऐसे मरीज हैं जिन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।

Desk Team