भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इन दिनों अमेरिका की यात्रा पर हैं। इस दौरान उन्होंने अमेरिका की सड़कों से राज्य की सड़कों को बेहतर बताया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए मुख्यमंत्री चौहान के वक्तव्य में कहा गया है, जब मैं वाशिंगटन के हवाई अड्डे पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से गया, तो मुझे लगा कि मध्य प्रदेश की सड़कें अमेरिका से कहीं अधिक बेहतर हैं। शिवराज अमेरिका में कई कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। वे राज्य के उद्योग को बढ़ावा देने वाली नीतियों को बताने के साथ ही निवेशकों को राज्य में आमंत्रित कर रहे हैं।
चौहान ने वाशिंगटन डीसी में मुख्य रूप से मंगलवार को विश्व प्रसिद्ध रसेल सीनेट हॉल में भारतीय दूतावास के सहयोग से फाउंडेशन फॉर इंडिया एंड इंडिया डायस्पोरा स्टडीज यूएसए द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय फोरम के शुभारंभ सत्र को संबोधित किया इसके अलावा यूनाईटेड स्टेट कांग्रेस की पहली हिंदू सदस्य तुलसी गबार्ड ने वाशिंगटन में चौहान से मुलाकात की और विभिन्न विषयों पर चर्चा की। गबार्ड मात्र 21 वर्ष की आयु में राज्य विधायिका में चयनित हुई थीं।
गबार्ड ने हाल ही में भगवत् गीता के उद्धरण के साथ विधायिका के सदस्य की शपथ ग्रहण की थी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में लोक सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। मुख्यमंत्री ने गबार्ड को मध्य प्रदेश में तेजी से हुए विकास की जानकारी दी।


Download Android App
Download iOS App



