भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का हास्यास्पद बयान आने के बाद सोशल मीडिया पर यह मैसेज ट्रोल हो रहा है। शिवराज ने गत मंगलवार को अपने अमेरिका प्रवास पर एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि जब मैं वाशिंगटन एयरपोर्ट पर उतरा और सड़क मार्ग से चला, तब मुझे महसूस हुआ कि मध्यप्रदेश की सड़कें इनसे अच्छी हैं। उन्होंने वहां मध्यप्रदेश की तारीफ करते हुए कहा कि हमने लगभग 1.75 लाख किलोमीटर सड़कें बनाई हैं, इस कारण मध्यप्रदेश में पर्यटन की संभावनाएं दूसरे अन्य देशों से अच्छी हैं।
शिवराज के इस बयान पर पूरे देश के सोशल मीडिया में उनकी बहुत किरकिरी हो रही है। फेसबुक पर हजारों ऐसे मैसेजेस अपलोड हुए हैं, जिसमें लोगों ने मध्यप्रदेश की सड़कों के फोटो खींचकर मुख्यमंत्री का मजाक उड़ाया है। फेसबुक पर भोपाल निवासी गोविन्द सिंह गौतम ने भोपाल की सड़कों के फोटो डालकर मुख्यमंत्री से पूछना चाहा है कि क्या वाकई में अमेरिका की सड़क इससे खराब है। वीरेन्द्र यदुवंशी ने शिवराज का मजाक उड़ाते हुए कहा है कि मुझे गर्व है कि मैं मध्यप्रदेश का निवासी हूं, जहां की सड़कें न्यूयार्क और वाशिंगटन से अच्छी है।
देश के जाने-माने मोटिवेशनल गुरू पराग लाउतकर ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा है कि मुख्यमंत्री को शर्म आना चाहिए कि वह अपने प्रदेश की बड़ाई किस देश में जाकर कर रहे हैं, जहां की अर्थव्यवस्था हमसे कई गुना आगे है। लगता है कि शिवराज सिंह चौहान ने सड़क से यात्रा करना छोड़ दिया है, क्योंकि सभी जानते हैं कि वह बिना हेलीकाप्टर के कहीं यात्रा नहीं करते हैं।


Download Android App
Download iOS App



