नई दिल्ली, 7 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को आईएएनएस के साथ देश और राजनीति से जुड़े कई विषयों पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने भाजपा की विचारधारा और संगठन को मजबूत करने में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के योगदान पर भी बात की।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की 100 वर्षों की यात्रा समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। किसी भी संगठन के लिए एक स्पष्ट विचारधारा के साथ लगातार एक शताब्दी तक कार्य करना सामान्य बात नहीं है। संघ ने अपनी इस लंबी यात्रा के दौरान भारत की सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साथ ही इसके सफर को अगर देखें तो प्राकृतिक आपदाओं, कठिन परिस्थितियों और युद्ध जैसे दौर में भी संघ के स्वयंसेवक हमेशा राष्ट्रसेवा के लिए अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आरएसएस के कई तरह के संगठनों को खड़ा है, जिन्होंने देश की सांस्कृति विरासत, राजनीतिक, शैक्षिक, और आर्थिक विषयों को आगे बढ़ाया। ये हमारा सौभाग्य है कि उसी संघ के प्रचारक हमारे प्रधानमंत्री बने। पहले अटल बिहारी वाजपेयी जी ने देश की सांस्कृति विरासत को आगे बढ़ाया और अब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री के रूप में उन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। भाजपा के निर्माण में उसकी भूमिका है ही, साथ ही उसने पार्टी को एक ऐसी विचारधारा दी, जिस पर भाजपा का इतना बड़ा वट वृक्ष खड़ा हुआ है।
पंजाब में चुनाव से पहले अकाली दल के साथ बढ़ रही नजदीकी पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अभी हम अपने बल पूरी ताकत से पंजाब के जनता के विषयों को उठा रही हैं, जिस तरह से पहले कांग्रेस और अब आप सरकार ने पंजाब के लोगों को लगातार ठगने का, भ्रम में रखने का, वहां युवाओं को नशे के गर्त में धकेलने का काम किया, वहां की महिलाओं की अनदेखी की और वो आज अपने आप को असुरक्षित महसूस करती हैं।
पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए नितिन नवीन ने कहा कि हमारी सीमाओं को जिस प्रकार हम सुरक्षित करने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं वो अपने राज्य के अंदर ही कानून-व्यवस्था को ध्वस्त कर रहे हैं। आप सरकार की जनता के प्रति कोई जवाबदेही नहीं है। अब जनता के सामने भाजपा ही उम्मीद की किरण बनकर उभरी है। इसको लेकर हमारी तैयारी जारी है। हम 117 सीटों पर पूरी तैयारी से जुटे हैं। किसी भी तरह के गठबंधन पर समय आने पर चर्चा की जाएगी।
–आईएएनएस
एमएस/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



