Russia-Ukraine War: रूस-यूक्रेन के बीच पिछले दो साल से चल रहा युद्ध थमता नजर नहीं आ रहा है। इस बीच यूक्रेन ने सोमवार को रूस पर मिसाइल और ड्रोन हमले का आरोप लगाया है।
Highlights:
- रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध अपने चरम पर, यूक्रेन के कई प्रमुख शहरों पर हमला
- दोनों देशों के बीच बढ़ते भीषण बमबारी की वजह से पोलैंड में जारी किया गया एयर अलर्ट
- यूक्रेन की ओर से दावा है की इन हमलों में उनके तीन नागरिकों की मौत हुई है
यूक्रेनी एजेंसियों और मीडिया ने सोमवार को आरोप लगाया कि रूसी सेना ने देश के कई क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। इसमें राजधानी कीव भी शामिल है। यूक्रेन ने कहा कि इन हमलों में तीन लोग मारे गए और कई लोग घायल हो गए हैं।
रूसी हमलों में तीन लोग मारे गए है
यूक्रेनी रक्षा मंत्रालय ने हमले की पुष्टि करते हुए एक्स पर पोस्ट किया। लिखा- रूस ने इस सप्ताह का आगाज यूक्रेनी शहरों पर बड़े पैमाने पर मिसाइल हमले से किया है। रूसी आतंक को खत्म करने के लिए दुनिया को एकजुट होना चाहिए। स्थानीय मीडिया ने बताया कि रूसी हमलों में तीन लोग मारे गए हैं। कीव इंडिपेंडेंट ने बताया कि सोमवार सुबह 6 बजे से पहले देश में हवाई हमलों के अलर्ट को लेकर सायरन बजने लगे। कई लोकेशन ऐसी हैं, जहां अभी भी सायरन बज रहे हैं।
रणनीतिक रूप से अहम स्थानों पर इमरजेंसी ब्लैकआउट का आदेश जारी
यूक्रेन में ऊर्जा परिसंपत्तियों में निवेश करने वाले डीटीईके समूह ने कहा कि सरकारी स्वामित्व वाली बिजली ट्रांसमिशन सिस्टम ऑपरेटर उक्रेनेर्गो ने पूरे देश में इमरजेंसी ब्लैकआउट का आदेश जारी किया है। यूक्रेनी मीडिया ने खुलासा किया कि ओडेसा, विनित्सिया, जापोरिज्जिया, क्रेमेनचुक, क्रिवी रीह और इवानो-फ्रैंकिव्स्क ओब्लास्ट समेत कई शहरों में विस्फोटों की जानकारी मिली है।
पोलैंड के ऊपर भी मंडरा रहे युद्ध के बादल
इस बीच, पोलैंड में सशस्त्र बलों ने देश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में नागरिकों के लिए हवाई अलर्ट जारी किया है। उन्होंने एक बयान में कहा, सुबह के समय से रूस के लंबी दूरी के विमानों की गतिविधियां देखी गई हैं। जो यूक्रेन के पश्चिमी क्षेत्र पर हुए हमलों से जुड़े हुए हैं। रूसी विमानों की गतिविधियों के मद्देनजर पौलेंड के हवाई क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरुरी कदम उठाए गए हैं। साथ ही पोलैंड के सशस्त्र बल इनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



