नई दिल्ली, 23 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली में रविवार को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के 33वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल और रामदास आठवले ने सफाई कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी।
अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, “राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के 33वें स्थापना दिवस के मौके पर पूरे देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से हमारे सफाई कर्मचारी, जो समाज का नेतृत्व करते हैं और जो संगठन चलाते हैं, वे आज यहां इकट्ठा हुए हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि यहां पर सफाई कर्मचारियों से जुड़े जो मांग पत्र मिले हैं, उनका संकलन करने को कहा गया है। अलग-अलग मंत्रालयों से इस पर टिप्पणी मंगाकर और एक बार विधि मंत्रालय में बैठकर उनकी समस्याओं को हल करने का प्रयास किया जाएगा।
एक बड़ी पहल का जिक्र करते हुए अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, “वाल्मीकि समाज से जुड़े कई ऐसे गुमनाम नायक हैं जो अलग-अलग क्षेत्रों में रहे हैं और अनसंग हीरो बने रहे हैं। उन्हें पहचानने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया गया है। अगर उनके लिए स्मारक बनाए जाएंगे तो लोग निश्चित रूप से उन्हें देखने आएंगे।” उन्होंने सफाई कर्मचारियों के लिए मिस्ड-कॉल सुविधा शुरू करने की भी बात कही, ताकि उनकी समस्याओं को आसानी से सुना जा सके।
वहीं, रामदास अठावले ने कहा, “आज राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग का स्थापना दिवस यहां मनाने का फैसला लिया गया… क्योंकि वे सफाई कर्मचारी हैं, इसलिए हम जिंदा हैं, क्योंकि वे सफाई कर्मचारी हैं, इसलिए हम जीते हैं। इसलिए सफाई कर्मचारियों को न्याय दिलाने के लिए, उनकी समस्याओं पर ध्यान देने और उनके लिए न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में काम करने के लिए सफाई कर्मचारी आयोग की नियुक्ति की गई है।”
इस समारोह में देशभर से आए सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगें रखीं। सरकार ने भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से देखा जाएगा और संबंधित मंत्रालयों के साथ मिलकर समाधान निकाला जाएगा।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



