नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के बाद प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक

Summary :

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा कड़ी, प्लेटफॉर्म टिकट बंद

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भीड़ प्रबंधन के दृष्टिकोण से रेलवे स्टेशन पर शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक अगले एक सप्ताह के लिए प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद करने का फैसला लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात उस समय भगदड़ मच गई, जब कथित तौर पर यात्रियों के बीच प्रयागराज जा रही दो ट्रेनों के रद्द होने की अफवाह फैल गई। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल भी हुए हैं।

रेलवे ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। इस बीच रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को ढाई-ढाई लाख रुपये और मामूली रूप से घायल यात्रियों को एक-एक लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है।

इस हादसे के बाद से अब नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पूरे स्टेशन परिसर में सुरक्षाबलों की कंपनी तैनात कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, मेट्रो की सुरक्षा में लगी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की एक कंपनी को भी रेलवे की सुरक्षा में लगाया है।

दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा बीते रविवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उन्होंने लगभग 45 मिनट मौके का मुआयना किया था। बता दें कि रेलवे प्रशासन की ओर से गठित दो सदस्यीय समिति इस घटना की जांच कर रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी रविवार को रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बताया जा रहा है कि घटना के लिए जो भी जिम्मेदार होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.