समृद्धि यात्रा : बिहार के सीएम नीतीश कुमार जहानाबाद पहुंचे, 70 करोड़ रुपए की योजनाओं का उद्घाटन

Summary :

पटना, 23 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के क्रम में जहानाबाद पहुंचे। यहां उन्होंने जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में भी जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री इस क्रम में गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम स्थल से रिमोट के माध्यम से जिले के लिए 70 करोड़ रुपए की लागत से 88 योजनाओं का उद्घाटन एवं 182 करोड़ रुपए की लागत से 73 योजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने जहानाबाद पुराना…

पटना, 23 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के क्रम में जहानाबाद पहुंचे। यहां उन्होंने जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में भी जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री इस क्रम में गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम स्थल से रिमोट के माध्यम से जिले के लिए 70 करोड़ रुपए की लागत से 88 योजनाओं का उद्घाटन एवं 182 करोड़ रुपए की लागत से 73 योजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने जहानाबाद पुराना प्रखंड कार्यालय परिसर में जीविका दीदियों का सिलाई प्रशिक्षण सह उत्पाद केंद्र का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने उद्घाटन के बाद महिला प्रशिक्षण सह उत्पाद केंद्र का निरीक्षण किया। उन्‍होंने वहां स्कूली बच्चों के लिए बनाए जा रहे ड्रेस के संबंध में भी जानकारी ली। सिलाई केंद्र से जुड़ी जीविका दीदियों का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोग अच्छे से काम करिए, सरकार हर तरह की सुविधा उपलब्ध करा रही है। आप लोगों को स्व-रोजगार देने हेतु सरकार हर संभव कार्य कर रही है।

सीएम नीतीश कुमार इस क्रम में जनसंवाद कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए जहां पूर्व की सरकारों पर निशाना साधा, वहीं एनडीए सरकार में चलाई जा रही योजनाओं की चर्चा की।

उन्होंने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान सभी जिलों में जाकर विकास कार्यों को देखा था और जो कमी रही, उसे पूरा करने के लिए 430 नई योजनाओं की स्वीकृति दी गई है। सभी जिलों में इन योजनाओं पर काम शुरू हो चुका है। अब तक 21 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, शेष सभी कार्यों को शीघ्र पूरा करा लिया जाएगा।

सीएम ने केंद्र सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। 2024 के केंद्रीय बजट में बिहार को विशेष आर्थिक सहायता के रूप में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन, बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़ी राशि देने की घोषणा की गई। वहीं, 2025 में केंद्रीय बजट में बिहार में मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट की स्थापना, पश्चिमी कोसी नहर के लिए वित्तीय सहायता आदि की घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो, सभी क्षेत्रों में काम हो रहा है। महिला सशक्तीकरण के लिए बहुत काम हुआ है। उन्होंने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार और नौकरी देने की भी बात दोहराई।

–आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.