भाजपा के वरिष्ठ नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दरवाजे सभी के लिये खुले हैं और वह जाति, धर्म और पार्टी नहीं पूछता। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा पर चुटकी लेते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि आनंद शर्मा एक बार नागपुर होकर आएं, तो उनका भी कद ऊंचा हो जायेगा। भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस ने अब तक संघ के बारे में दुष्प्रचार करने का काम किया है । कांग्रेस के नेताओं को नागपुर जाकर संघ को समझना चाहिए ।
उन्होंने कहा, “संघ के दरवाजे किसी के लिये बंद नहीं हैं। संघ सबके लिये है। संघ जाति, धर्म और पार्टी नहीं पूछता है। संघ राष्ट्रभक्तों का संगठन है जो भी राष्ट्र से प्रेम करेगा, वह संघ से नफरत नहीं कर सकता।” कांग्रेस नेता आनंद शर्मा के बयान का जिक्र करते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि एक बार वह नागपुर हो कर आयेंगे, तो उनका (शर्मा) भी कद ऊंचा हो जायेगा।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के आरएसएस के कार्यक्रम में जाने को लेकर कल सवाल खड़ा किया था। आनंद शर्मा ने कहा कि मुखर्जी के नैतिक बल, विवेक और धर्मनिरपेक्ष संवैधानिक लोकतंत्र को बुलंद रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर कभी संदेह नहीं रहा और नागपुर में संबोधन के बाद उनका कद पहले से और ऊंचा हो गया है। उन्होंने कहा, “आपने आरएसएस को भारत के बहुलवाद की समृद्धि और विविधता के बारे में बताया। आशा करता हूं कि वे आपके संदेश को आत्मसात करेंगे।”
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



