भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने कल रात बिहार के पूर्वी चंपारण जिला के रक्सौल थाना के महादेवा इलाके में तीन करोड 10 लाख रुपये मूल्य की अवैध चरस बरामद की।यह मादक पदार्थ एक मोटरसाइकित से जब्त किया गया। एसएसबी 47 बटालियन के कमांडेंट सोनम छेरिंग ने आज बताया कि बीती रात रक्सौल थाना अंतर्गत महादेवा स्थित सीमा स्तंभ संख्या 390 के समीप एसएसबी ने वाहन तलाशी के दौरान नेपाल की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोका तो सवार अपनी मोटरसाइकिल छोडकर फरार हो गया।
उन्होंने बताया नेपाली नंबर वाली उक्त मोटरसाइकिल की तलाशी के क्रम में उस पर एक थैले में तथा उसकी डिक्की में रखे आधा-आधा किलोग्राम के 31 पैकेटों में बंद चरस जब्त की गई। बरामद चरस का कुल वजन 15 किलो 500 ग्राम है। छेरिंग ने बताया कि जब्त चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 20 लाख रुपये प्रति किलोग्राम की दर से तीन करोड 10 लाख रुपये आंकी गयी है। उन्होंने बताया कि जब्त चरस को कार्वाई के लिए रक्सौल कस्टम के हवाले कर दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



