शहीदों की वीरांगनाओं को सीएम योगी ने किया सम्मानित, दशकों पुराने त्याग और संघर्ष को मिला सम्मान

Summary :

मेरठ, 14 नवंबर (आईएएनएस)। किसी ने पांच दशक पहले देश की रक्षा में अपने पति को खोया, किसी का सुहाग कारगिल युद्ध में उजड़ गया तो किसी की आंखें पांच महीने तक पति के पार्थिव शरीर की राह देखती रहीं। इन वीर नारियों ने शहादत का दर्द अपने सीने में समेटकर बच्चों को संभाला और परिवार की जिम्मेदारियां निभाईं। शनिवार को मेरठ के कुलवंत सिंह स्टेडियम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब इन महिलाओं को सम्मानित किया तो वर्षों से दिल में संजोई यादें फिर ताजा हो गईं। किसी के चेहरे पर पति की शहादत का गर्व था तो किसी…

मेरठ, 14 नवंबर (आईएएनएस)। किसी ने पांच दशक पहले देश की रक्षा में अपने पति को खोया, किसी का सुहाग कारगिल युद्ध में उजड़ गया तो किसी की आंखें पांच महीने तक पति के पार्थिव शरीर की राह देखती रहीं। इन वीर नारियों ने शहादत का दर्द अपने सीने में समेटकर बच्चों को संभाला और परिवार की जिम्मेदारियां निभाईं।

शनिवार को मेरठ के कुलवंत सिंह स्टेडियम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब इन महिलाओं को सम्मानित किया तो वर्षों से दिल में संजोई यादें फिर ताजा हो गईं। किसी के चेहरे पर पति की शहादत का गर्व था तो किसी की आंखों में पुरानी यादों की नमी। उनके लिए यह सम्मान महज एक समारोह नहीं, बल्कि उनके परिवारों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की पहचान था।

नांगल क्षेत्र के छपरा गांव निवासी संतोष के पति करीब 50 साल पहले देश के लिए शहीद हो गए थे। आधी सदी गुजरने के बाद भी पति की यादें उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान पाकर उन्होंने इसे अपने परिवार और सैनिक परिवारों के लिए गर्व का पल बताया। मेरठ के शोभापुर निवासी अबरीशा खातून के पति अजमेर अली वर्ष 1987 में लद्दाख में हुए हादसे में शहीद हो गए थे। परिवार को उनका पार्थिव शरीर तक नहीं मिल पाया।

अजमेर अली को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया था। अबरीशा ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों मिला सम्मान उनके पति की शहादत को मिली पहचान है। कंकरखेड़ा निवासी विमलेश देवी के पति कारगिल युद्ध में शहीद हुए थे। उन्हें सेना मेडल से सम्मानित किया गया था। मुख्यमंत्री से सम्मान पाकर विमलेश ने खुद को गौरवान्वित महसूस किया। उन्होंने महिला सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों की भी सराहना की।

बिजनौर निवासी माला के पति सिक्किम में हुए हादसे में शहीद हो गए थे। परिवार को करीब पांच महीने तक उनके पार्थिव शरीर का इंतजार करना पड़ा। बाद में डीएनए जांच के जरिए उनकी पहचान हो सकी। पति की शहादत के बाद माला को अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली।

वर्ष 2016 में अपने पति को खोने वाली गीता ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलना और उनके हाथों सम्मान पाना उनके लिए बेहद भावुक पल था। उन्होंने कहा कि आज महसूस हुआ कि वह अकेली नहीं हैं, बल्कि पूरा देश उनके परिवार के साथ खड़ा है।

वहीं, अक्टूबर 2022 में शहीद हुए सैनिक की पत्नी सुमन ने भी मुख्यमंत्री से सम्मान पाकर गर्व जताया। उन्होंने बताया कि बच्चों के पालन-पोषण और परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के लिए निगम की ओर से उन्हें नौकरी दी गई है। इन वीर नारियों के लिए यह सम्मान उनके शहीद पतियों के बलिदान के साथ-साथ उनके अपने संघर्ष और परिवार के प्रति समर्पण की पहचान भी है। यह संदेश है कि देश अपने वीर जवानों के साथ उनके परिवारों के त्याग और धैर्य को भी याद रखता है।

–आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.