भाजपा नेता के शिवाजी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने पर शिवसेना का विरोध प्रदर्शन 

Summary :

NULL

अहमदनगर (महाराष्ट्र) : महाराष्ट्र के अहमदनगर शहर में आज तनाव व्याप्त हो गया जब शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने उप महापौर द्वारा शिवाजी महाराज का कथित तौर पर अपमान किये जाने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उप महापौर भाजपा के सदस्य हैं। शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने गांधी मैदान के निकट भाजपा कार्यालय पर पथराव किया। उन्होंने शहर में बंद का आह्वान किया है। शिवसेना के नेता और पूर्व विधायक अनिल राठौड़ के अनुसार उप महापौर श्रीपाद चिंदम ने आज सुबह अपना काम नहीं करने के लिये नगर निगम के एक कर्मचारी को फटकार लगाई।

राठौड़ ने आरोप लगाया कि जब एक कर्मचारी ने कहा कि वह शिव जयंती से संबंधित काम में व्यस्त है तो चिंदम ने 17 वीं सदी के राजा शिवाजी के बारे में अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। शिवाजी की जयंती 19 फरवरी को है। इस बातचीत का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वाइरल हो गया। इसके बाद व्हाट्स ऐप पर एक वीडियो शेयर किया गया जिसमें चिंदम खुद शिवाजी के बारे में ‘गैर इरादतन’ आपत्तिजनक बातें कहने के लिये माफी की पेशकश करते दिख रहे हैं। लोकसभा सदस्य और भाजपा की नगर इकाई के प्रमुख दिलीप गांधी ने मीडिया से कहा कि चिंदम को पार्टी से बर्खास्त किया जाएगा। कोतवाली थाने के निरीक्षक अभय परमार ने बताया कि शहर में हालात नियंत्रण में है।

अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।

Desk Team