Shivraj Singh : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंध्र प्रदेश के हालिया दौरे के दौरान तोतापुरी आम उत्पादक किसानों के साथ व्यापक संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया। किसानों ने अवगत कराया कि प्रसंस्करण के लिए बड़े पैमाने पर उगाई जाने वाली तोतापुरी आम किस्म की कीमतों में हाल के समय में उल्लेखनीय गिरावट आई है, जिसके कारण राज्य के आम उत्पादक किसानों को गंभीर आर्थिक संकट और असमंजस की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
इस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने तत्काल भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के माध्यम से वैज्ञानिकों एवं संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों की एक उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति गठित करने के निर्देश दिए, ताकि तोतापुरी आम क्षेत्र की पूरी वैल्यू चेन का समग्र अध्ययन कर किसानों को लाभकारी मूल्य और क्षेत्र के दीर्घकालिक, सतत विकास के लिए ठोस समाधान प्रस्तुत किए जा सकें।
विशेषज्ञ समिति का गठन
आईसीएआर–केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान, लखनऊ द्वारा जारी कार्यालय आदेश में बताया गया है कि आंध्र प्रदेश के दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संज्ञान में आया कि राज्य में प्रसंस्करण हेतु व्यापक रूप से उगाई जाने वाली तोतापुरी आम किस्म की कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट हुई है, जिससे आम उत्पादक किसानों में चिंता और असंतोष का माहौल है।
इसी संदर्भ में केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए हैं कि आईसीएआर द्वारा एक विशेषज्ञ टीम गठित की जाए, जो तोतापुरी आम की खेती से लेकर प्रसंस्करण, विपणन, घरेलू और निर्यात बाजार तक से जुड़े मुद्दों का विस्तृत अध्ययन करे और उपयुक्त समाधान सुझाए।
10 दिनों में क्षेत्रीय दौरा, किसानों से सीधा संवाद
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वह अगले 10 दिनों के भीतर आंध्र प्रदेश के प्रमुख तोतापुरी आम उत्पादक क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन करे। क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान समिति किसानों, प्रसंस्करण उद्योगों, निर्यातकों, राज्य सरकार के उद्यानिकी अधिकारियों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और अन्य संबंधित हितधारकों से विस्तृत चर्चा करेगी।
इस दौरान समिति का फोकस निम्न मुख्य बिंदुओं पर रहेगा: तोतापुरी आम की खेती की वर्तमान स्थिति, उत्पादन लागत और किसानों की आय, प्रसंस्करण उद्योगों की क्षमता, उपयोग स्तर और मांग–आपूर्ति का संतुलन, घरेलू बाजार और निर्यात बाजार में कीमतों में गिरावट के वास्तविक कारण, वैल्यू चेन के अलग–अलग स्तरों पर आने वाली चुनौतियाँ और संभावित सुधार उपाय।
इन चर्चाओं और क्षेत्रीय आंकड़ों के आधार पर समिति कीमतों में हालिया गिरावट के कारणों का वैज्ञानिक और आर्थिक विश्लेषण करेगी, ताकि नीति–निर्माण के लिए तथ्यपरक आधार उपलब्ध हो सके।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि तोतापुरी आम किसानों की आय और आजीविका की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और विशेषज्ञ समिति की अनुशंसाओं के आधार पर ऐसे कदम उठाए जाएंगे, जिनसे आंध्र प्रदेश के आम उत्पादक किसानों को स्थायी राहत मिले, उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो और इस क्षेत्र में रोजगार और निवेश के नए अवसर उत्पन्न हों।
यह भी पढ़ें : स्कूलों को अभिभावकों पर मनमाने व छिपे शुल्क थोपने की अनुमति नहीं: आशीष सूद


Download Android App
Download iOS App




