TamilNadu News : तमिलनाडु के कोयंबटूर में पुलिस की कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी चलती कार की छत से चिपका हुआ नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी ने करीब 40 किलोमीटर तक कार का पीछा करते हुए उसे रोकने की कोशिश की। मामला प्रतिबंधित गुटखे की तस्करी से जुड़ा बताया जा रहा है।
चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागी कार
पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि कर्नाटक नंबर की एक हुंडई क्रेटा कार में करीब 300 किलोग्राम प्रतिबंधित गुटखा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन की जांच के लिए चेकिंग शुरू की थी।
इसी दौरान संदिग्ध कार पुलिस को देखकर रुकने के बजाय तेजी से भागने लगी। पुलिस टीम ने बाइक से कार का पीछा करना शुरू किया और चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने वाहन नहीं रोका।
कार रोकने के लिए छत पर चढ़ा पुलिसकर्मी
पुलिस के मुताबिक, पीछा करने के दौरान एक मुख्य कांस्टेबल ने कार को रोकने की कोशिश की। जब चालक ने कार नहीं रोकी तो पुलिसकर्मी वाहन को पकड़कर उसकी छत पर चढ़ गया। इसके बावजूद चालक ने कार की रफ्तार कम नहीं की।
पुलिसकर्मी करीब 40 किलोमीटर तक कार की छत से चिपका रहा। इस दौरान पुलिस ने स्थिति को देखते हुए कंट्रोल रूम और एंबुलेंस सेवाओं को भी अलर्ट कर दिया।
एंबुलेंस से रिकॉर्ड हुआ पूरा वीडियो
बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो पीछे चल रही एंबुलेंस से रिकॉर्ड किया गया। वीडियो में पुलिसकर्मी को तेज रफ्तार कार की छत पर पकड़े हुए देखा जा सकता है।
पुलिस टीम ने कार का पीछा जारी रखा और कोयंबटूर जिले की सीमा के पास एक पेट्रोल पंप के नजदीक घेराबंदी कर आखिरकार वाहन को रोक लिया। इसके बाद कार में सवार संदिग्धों को पकड़ लिया गया।
300 किलो गुटखा बरामद
पुलिस के अनुसार, कार से करीब 300 किलोग्राम प्रतिबंधित गुटखा बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद गुटखा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिसकर्मी की इस कार्रवाई की चर्चा हो रही है।
यह भी पढ़ें – प्रवेश वर्मा के थप्पड़ कांड पर भाजपा नेता राम कदम बोले-कानून हाथ में लेने का समर्थन नहीं करेंगे


Download Android App
Download iOS App



