कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) के उप सचिव में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया है। वह मंत्रालय के, प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया भवन में स्थित कार्यालय में काम करते हैं।
मंत्रालय ने कहा कि पीटीआई बिल्डिंग के दूसरे तल पर स्थित उसके कार्यालय को 16 जून तक साफ-सफाई और संक्रमण मुक्त करने के लिए बंद कर दिया गया है। पीटीआई भवन स्थित एमएसडीई के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मंगलवार को घर से काम करने की सलाह दी गई है।
मंत्रालय की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है, ‘‘पीटीआई भवन के दूसरे तल पर बैठने वाले, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के उप सचिव बी. के. राय 15 जून 2020 को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। अधिकारी अंतिम बार 11 जून 2020 को कार्यालय आए थे।’’ इसने कहा कि एमएसडीई के कार्यालय, कमरों, गलियारों और कॉमन एरिया में साफ-सफाई और संक्रमण मुक्त करने का काम किया जाएगा।
मंत्रालय ने कहा कि राय के संपर्क में आने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सलाह दी जाती है कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की तरफ से चार जून 202 को जारी दिशानिर्देशों के मुताबिक आवश्यक कदम उठाएं।


Download Android App
Download iOS App



