रायपुर:छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि राज्य में संचार क्रांति योजना (स्काई) के तहत 55 लाख लोगों को निशुल्क स्मार्ट फोन बांटने का काम नये साल 2018 में जनवरी से शुरू कर दिया जाएगा। डॉ सिंह ने कहा कि इस योजना के साथ प्रधानमंत्री जनधन योजना, आधार कार्ड और मोबाइल कनेक्शन को जोड़कर नगदी रहित (कैशलेस) लेनदेन को बढ़ावा दिया जाएगा और इन योजनाओं को जोड़कर चलने वाली यह देश की सबसे बड़ी योजना होगी।
मुख्यमंत्री राज्य बिलासपुर जिले के ग्राम लोहारी के चलचली मैदान में तेदूपत्ता बोनस तिहार को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम में मरवाही, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और कटघोरा वनमंडलों से संबंधित जिला वनोपज संघों की 90 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के 97 हजार से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों को 24 करोड़ 58 लाख रुपए से अधिक की बोनस राशि का ऑनलाइन वितरण किया।
डॉ सिंह ने कहा कि संचार क्रांति योजना के तहत गरीबों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और तेंदूपत्ता तोड़ने वाले वनवासियों को भी स्मार्ट फोन दिये जाएंगे। बेहतर कनेक्टिविटी के लिए गांव-गांव में मोबाइल टॉवर लगाए जाएंगे। इस योजना के माध्यम से 21 वीं सदी के तकनीकी युग में हमारी पंचायतें और गांव एक नये युग में प्रवेश करेंगे।
कार्यक्रम में केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री विष्णुदेव साय, छत्तीसगढ़ के वनमंत्री महेश गागड़ और लोकसभा सांसद श्रीमती कमलादेवी पाटेल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थी। मुख्यमंत्री ने जनता के आग्रह पर मरवाही में सुलभ शौचालय के निर्माण, तालाब सौदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपए और क्षेत्र की जर्जर सड़क के निर्माण की मंजूरी की घोषणा की।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



