सोनिया गांधी के पीएम पद ठुकराने से हुई थी निराशा, कांग्रेस नेताओं ने साझा कीं 2004 की यादें

Summary :

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर जहां एक तरफ कांग्रेसी नेता देशवासियों से किताब पढ़ने की अपील कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ इस किताब को लेकर सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। किताब में पीएम पद को लेकर सोनिया गांधी ने जिक्र किया है, जिसे लेकर कांग्रेसी नेताओं ने दावा किया है कि साल 2004 में सभी चाहते थे कि सोनिया गांधी पीएम बने, लेकिन पीएम पद ठुकराने के बाद हम सभी निराश हुए थे, लेकिन बाद में पार्टी के फैसले को स्वीकार कर लिया।…

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर जहां एक तरफ कांग्रेसी नेता देशवासियों से किताब पढ़ने की अपील कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ इस किताब को लेकर सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। किताब में पीएम पद को लेकर सोनिया गांधी ने जिक्र किया है, जिसे लेकर कांग्रेसी नेताओं ने दावा किया है कि साल 2004 में सभी चाहते थे कि सोनिया गांधी पीएम बने, लेकिन पीएम पद ठुकराने के बाद हम सभी निराश हुए थे, लेकिन बाद में पार्टी के फैसले को स्वीकार कर लिया।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि मुझे नहीं पता कि उन दिनों सोनिया गांधी के आवास के भीतर क्या हुआ होगा, जहां उस समय कई लोग और शीर्ष नेता गए थे। मैं उस समय केवल उत्तर प्रदेश का पीसीसी अध्यक्ष था। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के कई कार्यकर्ता चाहते थे कि सोनिया गांधी प्रधानमंत्री बनें, इसलिए वे सड़कों पर उतर आए थे और मैं भी उनके साथ था। हम सब वहां बैठकर इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब पीएम के लिए नाम की घोषणा हुई तो यकीनन हम सभी को धक्का तो लगा ही था, लेकिन शीर्ष नेतृत्व ने उस समय जो फैसला किया था, हम सभी ने उसे स्वीकार किया।

कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने सोनिया गांधी की किताब का जिक्र करते हुए कहा कि मैडम का जो अनुभव है। उन्होंने बेबाक ढंग से यह बात कही है। उन्हें जो महसूस हुआ है, वह उन्होंने कहा है। सोनिया गांधी हमेशा स्पष्ट बातें रखती हैं।

पीएम पद के ठुकराने वाली बात पर कुमारी सैलजा ने समर्थन करते हुए कहा कि बिल्कुल, ऐसा हुआ था। वह बहुत ही भावनात्मक समय था। सभी भावुक थे, क्योंकि सोनिया गांधी ने मेहनत की थी और काम किया था। मेरा सौभाग्य था कि कुछ समय तक मैं उनके साथ रही और मैंने देखा कि किस तरह उन्होंने अपना सब कुछ दिया। उन्होंने मेहनत की ताकि कांग्रेस किसी तरह दोबारा सत्ता में वापस आए। उस समय देश में एक अलग माहौल बनना शुरू हो गया था। सोनिया गांधी अपना योगदान दे रही थीं, हम सभी और पूरे देश को उनसे उम्मीद थी, क्योंकि उन्होंने नेतृत्व किया था और सभी चाहते थे कि प्रधानमंत्री वही बनें। इसलिए सभी की भावनाएं जुड़ी हुई थीं लेकिन उन्होंने जो फैसला किया, उससे सभी को झटका भी लगा। इसके बाद उन्होंने सभी को समझाया।

किताब के बारे में उन्होंने कहा कि इस किताब को लेकर पूरी दुनिया में रुचि थी। उनके बारे में बहुत कुछ लिखा गया है और लोगों ने अपने-अपने नजरिए से लिखा है। आज हम भी जो बात कर रहे हैं, वह अपने नजरिए से कर रहे हैं। सबकी इच्छा थी कि वह भी अपनी बात कहें। शायद मैडम ने भी यह महसूस किया और अपनी बात रखी। उन्होंने जो देखा, जो महसूस किया और जिन अनुभवों से वह गुजरी हैं, उन्हीं बातों को इस किताब में लिखा है।

पूर्व केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अश्वनी कुमार ने कहा कि हर भारतीय को सोनिया गांधी का संस्मरण पढ़ना चाहिए। वह एक ऐसी महिला नेता है, जो काफी चर्चा का विषय रही है और उनके बारे में बहुत सी गलत जानकारियां भी फैलाई गई हैं। आज उन्होंने अपने दिल की गहराइयों से अपनी बात रखी है और लोगों के साथ अपने जीवन की कहानी साझा की है।

कांग्रेस नेता प्रेम चंद्र मिश्रा ने कहा कि सोनिया गांधी जी ने अपने व्यक्तित्व से कई बार राजनीति को प्रभावित किया है। विशेष रूप से भारतीय राजनीति और कांग्रेस की राजनीति को उन्होंने न केवल अपने व्यक्तित्व के दम पर आगे बढ़ाने का काम किया है, बल्कि जब कांग्रेस पार्टी संकट से गुजर रही थी और देश में कई तरह की गंभीर समस्याएं खड़ी हो रही थीं, तब भी उन्होंने एक अहम भूमिका निभाई।

कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा कि सोनिया गांधी केवल राजीव गांधी की पत्नी नहीं थीं, वह इस परिवार में एक बहू के रूप में आईं और न केवल इस देश की परंपराओं और संस्कृति को सीखा, बल्कि उनका एक अभिन्न हिस्सा भी बन गईं। उन्होंने न केवल कांग्रेस पार्टी की कमान संभाली, बल्कि यूपीए अध्यक्ष के रूप में देश की सेवा भी की। उन्होंने प्रधानमंत्री का पद न केवल एक बार, बल्कि दो बार त्यागने का बलिदान दिया।

–आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.