3000 की बजाए 15000 एग्जाम सेंटर में एग्जाम देंगे 10वीं और 12वीं के छात्र : रमेश पोखरियाल

Summary :

रमेश पोखरियाल ने कहा, “स्कूली शिक्षा के लिए एक विशेष टास्क फोर्स बनाई गई है जिसने अपना काम लगभग पूरा कर लिया है। यह तय किया जाएगा कि कब किन तरीकों से छात्र कहां पर परीक्षा केंद्र में आएंगे।”

देशव्यापी लॉकडाउन के मद्देनजर रद्द की गई 10वीं और 12वीं की बची हुई बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 1 जुलाई से 15 जुलाई के बीच होना है। परीक्षाओं का आयोजन देश में 3,000 केंद्रों की बजाए 15,000 केंद्रों पर किया जाएगा। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने सोमवार को इसकी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि “देश भर में अब 15,000 परीक्षा केंद्रों पर 10वीं, 12वीं की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले सीबीएसई केवल 3,000 केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित करने वाला था।” यह फैसला परीक्षा केंद्रों पर सोशल डिस्टन्सिंग सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों की केंद्रों तक की दूरी कम करने के लिए लिया गया है। 
मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने पहले ही घोषणा की थी कि विद्यार्थी उन स्कूलों में परीक्षा देंगे जहां वे पंजीकृत हैं न कि किसी बाहरी परीक्षा केंद्र पर। दरअसल, परीक्षाओं के दौरान छात्रों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग सबसे बड़ा उपाय होगा। अभिभावकों को अपने बच्चों के संबंध में आवश्यक जानकारी भी सीबीएसई को उपलब्ध करानी होगी। 
सीबीएसई के कंट्रोलर ऑफ एग्जाम डॉक्टर संयम भारद्वाज ने डेटशीट के साथ निर्देश जारी करते हुए कहा “बोर्ड परीक्षाओं के दौरान सभी छात्रों को परीक्षा केंद्र में सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना होगा।” बोर्ड परीक्षाओं के विषय पर रमेश पोखरियाल ने कहा, “स्कूली शिक्षा के लिए एक विशेष टास्क फोर्स बनाई गई है जिसने अपना काम लगभग लगभग पूरा कर लिया है। यह तय किया जाएगा कि कब किन तरीकों से छात्र कहां पर परीक्षा केंद्र में आएंगे।” 
मंत्रालय एवं सीबीएसई ने तय किया है कि छात्रों के विद्यालयों में ही परीक्षा आयोजित की जाएगी। कंटेनमेंट जोन अथवा अन्य किसी कारण से जिन विद्यालयों में परीक्षा नहीं ली जा सकेगी उनके समीप के विद्यालयों में बोर्ड परीक्षा की व्यवस्था की जा सकती है। परीक्षा केंद्रों में पहले के मुकाबले काफी कम छात्रों को बैठने की अनुमति होगी। 

10 दिनों बाद एयर इंडिया की फ्लाइट में नहीं होगी मिडिल सीट की बुकिंग : सुप्रीम कोर्ट

शेष छात्र दूसरे कमरों में परीक्षा देंगे। छात्रों के बीच में कम से कम पांच, छह फीट की दूरी रखी जाएगी। ऐसा करने के लिए 2 छात्रों के बीच में एक-दो डेस्क खाली रखे जाएंगे। इसी प्रकार परीक्षा केंद्र में प्रवेश पाने के उपरांत सभी छात्र अपने हाथों को सैनिटाइज करेंगे। नाक और मुंह पूरी परीक्षा के दौरान ढंक के रखना अनिवार्य किया गया है। 
परीक्षा केंद्र में सैनिटाइजर की व्यवस्था छात्रों को स्वयं करनी होगी। परीक्षा केंद्र के बाहर भी छात्रों को सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना होगा। लिखित दिशानिर्देश जारी करते हुए संयम भारद्वाज ने कहा “छात्रों को ट्रांसपेरेंट बोतल में सैनिटाइजर लाना होगा। इसके साथ ही छात्रों के किसी भी प्रकार से अस्वस्थ होने की स्थिति में अभिभावकों को अपने बच्चों के बारे में सूचना प्रदान करवानी होगी।”

Desk Team