Surya Nutan Solar Stove: आजकल हर घर में खाना पकाने के लिए LPG गैस का ही इस्तेमाल होता है। लेकिन मिडिल ईस्ट में शुरू तनाव के बीच देश में LPG सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और सप्लाई को लेकर लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। कई इलाकों में गैस की कमी और महंगे सिलेंडर के कारण लोग अब ऐसे ऑप्शन तलाश रहे हैं जिनसे बिना LPG के भी खाना पकाया जा सके। इसी बीच इंडियन ऑयल का सोलर कुकिंग सिस्टम ‘Surya Nutan’ एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
हाल ही में इंडियन ऑयल ने अपनी वेबसाइट पर इस सोलर स्टोव से जुड़ी जानकारी अपडेट की है। इससे साफ संकेत मिलता है कि गैस के विकल्प के रूप में सोलर कुकिंग सिस्टम की मांग बढ़ रही है। फिलहाल इसे सीधे खरीदना संभव नहीं है, बल्कि इच्छुक लोग वेबसाइट पर फॉर्म भरकर इसके बारे में जानकारी ले सकते हैं।
Surya Nutan Solar Stove: क्या है Surya Nutan सोलर स्टोव?
- Surya Nutan एक खास सोलर कुकिंग सिस्टम है जिसे घर के अंदर इस्तेमाल किया जा सकता है।
- इसे इंडियन ऑयल के फरीदाबाद स्थित रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर में तैयार किया गया है।
- यह सिस्टम सूरज की ऊर्जा का उपयोग करके खाना बनाने में मदद करता है।
- कंपनी के अनुसार यह पारंपरिक गैस चूल्हे का एक साफ और कम खर्च वाला विकल्प हो सकता है। इसे घरेलू किचन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है।
कैसे काम करता है यह सोलर कुकिंग सिस्टम
- Surya Nutan सामान्य सोलर कुकर से थोड़ा अलग है। आम सोलर कुकर को धूप में रखना पड़ता है, लेकिन इस सिस्टम में ऐसा नहीं करना पड़ता।
- इसमें छत पर सोलर पैनल लगाए जाते हैं जो सूरज की रोशनी से ऊर्जा लेते हैं।
- यह ऊर्जा एक केबल के माध्यम से किचन में लगे कुकटॉप तक पहुंचती है। इस वजह से खाना घर के अंदर ही आराम से बनाया जा सकता है।
- इस सिस्टम में एक खास थर्मल बैटरी भी लगी होती है। यह बैटरी सूरज की ऊर्जा को गर्मी के रूप में स्टोर कर लेती है।
- इसका फायदा यह होता है कि अगर धूप कम हो या शाम का समय हो, तब भी खाना बनाया जा सकता है।
- इसके अलावा यह स्टोव हाइब्रिड मोड में भी काम करता है। यानी जरूरत पड़ने पर इसे बिजली से भी चलाया जा सकता है।
- इसलिए मानसून या सर्दियों के मौसम में भी कुकिंग में ज्यादा परेशानी नहीं आती।
इसमें क्या-क्या बनाया जा सकता है
- Surya Nutan को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसमें रोजमर्रा का लगभग हर तरह का खाना बनाया जा सके।
- इसमें उबालना, भाप में पकाना, तलना और रोटी बनाना जैसी कुकिंग आसानी से की जा सकती है।
- एक सामान्य परिवार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इसे तैयार किया गया है ताकि घर का नियमित खाना बिना गैस के भी बनाया जा सके।
तीन अलग-अलग वेरिएंट उपलब्ध
इंडियन ऑयल ने इस सोलर कुकिंग सिस्टम को अलग-अलग जरूरतों के अनुसार तीन वेरिएंट में तैयार किया है।
- Surya Nutan L – यह मॉडल दिन के समय कुकिंग के लिए बनाया गया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 12,000 से 15,000 रुपये तक हो सकती है।
- Surya Nutan LD – इस मॉडल में लंच और डिनर दोनों समय खाना बनाया जा सकता है। इसकी कीमत लगभग 18,000 से 22,000 रुपये बताई जाती है।
- Surya Nutan LDB – यह सबसे एडवांस मॉडल है। इसमें ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर यानी पूरे दिन कुकिंग की सुविधा मिलती है। इसकी कीमत करीब 23,000 रुपये तक हो सकती है।
LPG पर निर्भरता कम करने की कोशिश
भारत अपनी LPG जरूरतों का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है। ऐसे में सोलर कुकिंग जैसी तकनीक को भविष्य का एक अच्छा विकल्प माना जा रहा है। अगर इस तरह के सोलर स्टोव बड़े स्तर पर इस्तेमाल किए जाते हैं तो इससे LPG की खपत कम हो सकती है और पर्यावरण पर पड़ने वाला असर भी घट सकता है।
हालांकि फिलहाल इसकी उपलब्धता सीमित है और इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया भी थोड़ी जटिल मानी जाती है। फिर भी बढ़ती गैस कीमतों के बीच Surya Nutan जैसे सोलर कुकिंग सिस्टम आने वाले समय में किचन का नया विकल्प बन सकते हैं।
यह भी पढ़ें: गैस बुकिंग में हो रही है दिक्कत? अपनाएं ये 4 आसान तरीके, डिलीवरी में देरी होने पर ऐसे करें शिकायत


Download Android App
Download iOS App




