संदिग्ध पाकिस्तानी- बांग्लादेशी नागरिक नेपाल से भारत में घुसने की बना रहे योजना, सख्त हुई सुरक्षा

Summary :

नेपाल से घुसपैठ की कोशिश, भारत में सुरक्षा कड़ी

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच खुफिया एजेंसियों ने खुलासा किया है कि 37 संदिग्ध पाकिस्तानी और बांग्लादेशी नागरिक नेपाल के रास्ते भारत में घुसने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है, जहां ड्रोन और सीसीटीवी के जरिये 24 घंटे निगरानी की जा रही है।

India-Pakistan conflict: भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिला है कि लगभग 37 संदिग्ध पाकिस्तानी और बांग्लादेशी नागरिक नेपाल सीमा के जरिए भारत में प्रवेश की योजना बना रहे हैं. इस सूचना के बाद भारत-नेपाल सीमा से सटे जिलों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त कर दी गई है.

उत्तर प्रदेश के महराजगंज, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर और पीलीभीत जिलों में फैली 560 किलोमीटर की खुली सीमा को संवेदनशील मानते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है. इन जिलों में एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) और अन्य एजेंसियों की ओर से चौकसी बढ़ा दी गई है.

ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी

सीमा पर स्थित गांवों में लोगों को ड्रोन की जानकारी दी जा रही है और उनसे अपील की गई है कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध वस्तु उड़ती नजर आए तो तुरंत सूचना दें. साथ ही, प्रमुख रास्तों और गांवों में सीसीटीवी कैमरे लगाकर 24 घंटे निगरानी की जा रही है.

दस्तावेजों की जांच और तलाशी अभियान

नेपाल से आने वाले लोगों के आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है. साथ ही, उनके सामान की स्कैनिंग और होटल में ठहरने वाले यात्रियों की जानकारी भी खंगाली जा रही है. 1,500 से अधिक जवान चौबीसों घंटे गश्त पर तैनात हैं.

एटीएस का हेल्पलाइन नंबर जारी

किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने के लिए उत्तर प्रदेश एटीएस ने हेल्पलाइन नंबर 9792103156 जारी किया है. यह नंबर 24 घंटे सक्रिय रहेगा और आम जनता इस पर आतंक संबंधी कोई भी जानकारी साझा कर सकती है.

चौकसी के केंद्र बने सीमावर्ती गांव

शिवपुरा, मुंशीपुरवा, चितलहवा, मुर्तिहा, सलारपुर, गंगापुर, जानकी गांव, रंजीतबोझा, निबिया, तेलियानी जैसे सीमावर्ती गांवों में चौकसी बढ़ा दी गई है. इन स्थानों पर आधुनिक निगरानी उपकरणों के माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.

रूस में पाकिस्तान की उड़ीं धज्जियां, भारत ने आतंक के आका को दुनिया के सामने दिखाया आईना

दिल्ली पुलिस ने 2 पाकिस्तानी जासूसों को किया गिरफ्तार

इस बीच दिल्ली पुलिस ने 3 महीने तक गुप्त अभियान चलाकर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने 2 जासूसों को गिरफ्तार किया है. दिल्ली पुलिस ने के अनुसार, जनवरी से मार्च 2025 तक सावधानीपूर्वक ये ऑपरेशन चलाया गया था.

इसमें कई केंद्रीय एजेंसियां भी शामिल रहीं. दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तानी जासूस अंसारुल मियां अंसारी और भारत में लॉजिस्टिक्स का काम करने वाले अखलाक आजम को भी गिरफ्तार किया है.

Shivangi Shandilya

शिवांगी शांडिल्य पत्रकारिता में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम के अलावा आद्यात्मिक खबरें लिखना पसंद हैं। गलगोटिया विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। IGNOU से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई जारी है। इस दौर में वेबसाइट पर लिखने का कार्य जारी है। पत्रकारिता की शुरुआत इंडिया न्यूज़ (इनखबर) से हुई, जहां बत्तौर हिन्दी सब-एडिटर के रूप में वेबसाइट पर काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जन्म लेने वाली शिवांगी की शिक्षा उनके गृह जिले में ही हुई है। शिवांगी को राजनीतिक घटनाक्रम पर आलेख लिखना बेहद पसंद है।