लखनऊ, 15 अगस्त (आईएएनएस)। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने प्रदेश और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को नमन करते हुए राष्ट्र निर्माण, एकता-अखंडता और संविधान की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया। वहीं, विपक्षी नेताओं ने स्वतंत्रता दिवस के संदेश के साथ संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती पर जोर दिया।
केंद्रीय राज्य मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि समस्त देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। मां भारती की स्वाधीनता के लिए अपना सर्वस्व अर्पण करने वाले अमर बलिदानियों को शत्-शत् नमन।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मां भारती को पराधीनता की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले सभी स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर बलिदानियों को कोटि-कोटि नमन। उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से एकजुट होकर देश की एकता, अखंडता और स्वाभिमान को सर्वोपरि रखते हुए ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ एवं ‘विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करने में सभी अपना योगदान दें। उन्होंने ‘वंदे मातरम्’ का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सभी देश एवं प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर भारत मां के चरणों में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले समस्त स्वतंत्रता सेनानियों और देश के अमर शहीद वीर सपूतों के चरणों में नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से जुड़कर राष्ट्र सर्वोपरि के ध्येय के साथ राष्ट्र निर्माण के इस महासंकल्प में अपनी महती भूमिका निभाएं।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, “स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!” उन्होंने कहा कि संविधान से ही स्वाधीनता है। आइए हम सब मिलकर इस स्वतंत्रता दिवस पर संविधान की रक्षा एवं निरंतरता का संकल्प लें।
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने देश और दुनिया भर में रहने वाले समस्त भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं ढेरों शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आजादी के दिन को सभी लोग जितने भी हर्ष और उल्लास से आपसी भाईचारा व मेलजोल के साथ मनाएं, वह कम ही होगा। उन्होंने कहा कि उच्च संवैधानिक एवं कानूनी ओहदों पर बैठे लोग अपने दायित्वों के प्रति अधिक सचेत रहें तो यह बेहतर होगा, क्योंकि जनता वास्तविक देश और जनहित के प्रति उनके सही और सच्चे उत्तरदायित्व की अपेक्षा अब अधिक करने लगी है।
मायावती ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे खास मौकों पर लोग उम्मीद रखते हैं कि यहां की उच्च संस्थाएं भारतीय संविधान के ‘चेक एंड बैलेंस’ के उद्देश्य और जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निभाएंगी। तभी भारत के गणतंत्र होने का सही लाभ खासकर करोड़ों दलितों, आदिवासियों, अति-पिछड़ों, मुस्लिम एवं अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों सहित सर्वसमाज के गरीबों, मजदूरों, किसानों, युवाओं और महिलाओं तथा अन्य मेहनतकश लोगों को बेरोजगारी एवं भ्रष्टाचार-मुक्त, खुशी और खुशहाली की जिंदगी के रूप में मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि इससे देश का लोकतंत्र और पवित्र संविधान सभी लोगों की उम्मीदों के अनुसार सार्थक सिद्ध होगा। यही आज के दिन का संदेश है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी समस्त देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज के इस पावन अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करें और भारत को और अधिक सशक्त, समृद्ध और खुशहाल बनाने का संकल्प लें। उन्होंने ‘जय हिंद’ का संदेश दिया।
–आईएएनएस
विकेटी/ओपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



