रायपुर : मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव अमन सिंह ने आज आईआईएम रायपुर छात्रों को कामयाबी के गुर सिखाये। ओरिएंटेशन कार्यक्रम के पहले दिन प्रबंधन में स्नातकोत्तर कार्यक्रम के 9 वें बैच और प्रबंधन में फेलो कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीएस टू सीएम अमन कुमार सिंह ने छत्तीसगढ़ राज्य के विकास को प्रदर्शित करते हुए नये बैच का स्वागत किया।
अपने संबोधन में उन्होंने सरकार द्वारा की गई कुछ प्रमुख नीतियों पर जोर देते हुए कहा कि कौशल उन्नयन का अधिकार राज्य में रोज़गार योग्य लोगों के प्रतिशत को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रमुख सचिव श्री सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रबंधन के क्षेत्र में अपने को योग्य और बेहतर बनाने के लिए हर तरह की कौशल विधा से भली-भांति परिचित होना जरूरी है।
श्री सिंह ने छत्तीसगढ़ राज्य की प्रमुख नीतियों पर प्रकाश डाला। युवाओं के लिए कौशल उन्नयन की नीति का विशेष रूप से उल्लेख किया और कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है। जिसने विधानसभा में कानून बनाकर अपने राज्य के युवाओं को मनपसंद व्यवसायों में प्रशिक्षण पाने का कानूनी अधिकार दिया।
श्री सिंह ने कहा कि कौशल उन्नयन का यह कानूनी अधिकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर दिलाने में सहायक होगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य के विकास के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों से भी छात्र-छात्राओं को अवगत कराया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को बताया कि नया रायपुर २१वीं सदी के भारत का पहला स्मार्ट और हरित शहर के रूप में विकसित हो रहा है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



