‘पोस्ट डिलीट करने से सच्चाई नहीं मिटेगी’, Amit Malviya का कांग्रेस को जवाब

Summary :

पोस्ट डिलीट करने पर अमित मालवीय का कांग्रेस पर तीखा हमला

कांग्रेस ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक विवादास्पद पोस्टर जारी किया था। कांग्रेस ने विवाद गहराने के बाद उस पोस्ट को अब डिलीट कर दिया है। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पोस्ट डिलीट करने से सच्चाई मिट नहीं जाएगी।

अमित मालवीय ने मंगलवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा, “पोस्ट डिलीट करने से सच्चाई मिट नहीं जाएगी। आपकी ‘सर तन से जुदा’ मानसिकता उजागर हो गई है। आप बेशर्म इस्लामिस्ट हैं, जो सत्ता में वापसी के लिए पीएम मोदी को भी निशाना बनाने से नहीं हिचकिचाएंगे। लेकिन आप ऐसा कभी नहीं कर पाओगे। राहुल गांधी की पीढ़ी राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक होती जा रही है, जबकि भारत आपके बिना आगे बढ़ रहा है और अब आप उसकी पहुंच से बहुत दूर हो चुके हैं।

बता दें कि कांग्रेस ने एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक विवादास्पद पोस्टर जारी किया था। हालांकि, इसे अब डिलीट कर दिया गया है। इस पोस्ट के जरिए कांग्रेस ने पहलगाम आतंकवादी हमले को लेकर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में पीएम मोदी की अनुपस्थिति पर सवाल उठाया था। पोस्टर में पीएम मोदी की तस्वीर को एक अनोखे और विवादास्पद तरीके से दर्शाया गया था। इसमें पीएम मोदी के शरीर को हटाकर केवल उनके कपड़े दिखाए गए थे और उसके साथ एक संदेश लिखा था, ‘जिम्मेदारी के समय गायब।’ यह पोस्ट सीधे तौर पर पहलगाम हमले के बाद आयोजित सर्वदलीय बैठक में पीएम मोदी की अनुपस्थिति पर कटाक्ष करता था।

इस पोस्ट के सामने आने के बाद इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगी थीं। सोशल मीडिया यूजर्स और भाजपा नेताओं ने इसे अपमानजनक और असंवेदनशील बताया था। राजनीतिक गलियारों में हलचल मचने के बाद अब कांग्रेस ने पोस्ट को डिलीट कर दिया है। कांग्रेस की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है कि पोस्ट को क्यों हटाया गया।

PM मोदी ने दी सेना को खुली छूट, आतंकवाद पर करारा प्रहार का संकल्प

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.