कोलकाता के पूर्व महापौर एवं तृणमूल कांग्रेस विधायक सोवन चटर्जी के इस सप्ताह के अंत तक दिल्ली में भाजपा में शामिल होने की संभावना है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सोवन चटर्जी के निजी जीवन में परेशानियों के चलते पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पिछले साल नवंबर में उनसे तृणमूल कांग्रेस सरकार में मंत्री और कोलकाता के महापौर दोनों पद से इस्तीफा देने के लिए कहा था।

सूत्रों के अनुसार, सोवन चटर्जी पिछले कुछ महीनों से भाजपा के संपर्क में थे। वह पिछले महीने दिल्ली में भाजपा नेताओं से मिले थे और तब से ही उनके भगवा पार्टी में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे थे। भाजपा के एक शीर्ष सूत्र ने बताया, “अगर सबकुछ ठीक रहा तो वह आज या इस सप्ताह के अंत तक भाजपा में शामिल हो सकते हैं।”
लोकसभा चुनाव में हैरानी भरे नतीजों के बाद सत्तारूढ़ टीएमसी ने चटर्जी को मनाने की कोशिशें की लेकिन परिणाम सिफर रहा। चटर्जी को उनके संगठनात्मक कौशल के लिए जाना जाता है। लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से टीएमसी के छह और कांग्रेस तथा माकपा के एक-एक विधायक भाजपा में शामिल हो चुके हैं। भाजपा ने राज्य में 42 लोकसभा सीटों में से 18 पर जीत दर्ज कर अपनी मजबूत पैठ बना ली है। टीएमसी भाजपा से महज चार सीटें ही अधिक जीत पाई।


Download Android App
Download iOS App



