भारत में सुपरफास्ट स्पीड से चल रहे कोरोना टीकाकरण अभियान के बावजूद देश में महामारी का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। देश में लगातार दूसरे दिन आज यानी रविवार को 62 हजार से अधिक पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इस दौरान कुल 312 लोगों की मौत हुई है। मौत का ये आंकड़ा पिछले लंबे समय की तुलना में सबसे अधिक है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 62,714 नए केस सामने आए हैं। जबकि 312 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। वहीं 28,739 कोरोना मरीज ठीक हुए हैं। नए संक्रमण के केस के बाद कुल मरीजों की संख्या 1,19,71,624 पहुंच गयी है। वहीं अब तक मरने वालों का आंकड़ा 1,61,552 तक पहुंच गया है।
सुबह आठ बजे तक जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 62,714 नए मामले आए जो 16 अक्टूबर 2020 के बाद से सर्वाधिक हैं जबकि 312 और लोगों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या 1,61,552 हो गई है। करीब तीन महीने में कोरोना वायरस से जान गंवाने वाले लोगों की यह सबसे अधिक संख्या है।
इससे पहले 25 दिसंबर 2020 को एक दिन में 336 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, 16 अक्टूबर को 24 घंटे में संक्रमण के 63,371 नए मामले सामने आए थे। आंकड़ों के अनुसार इस बीमारी से अब तक 1,13,23,762 लोग उबर चुके हैं जबकि मृत्यु दर 1.35 प्रतिशत है। भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख का आंकड़ा पार कर गए थे।
इसके बाद संक्रमण के मामले 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के पार चले गए थे। वैश्विक महामारी के मामले 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार कर गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के मुताबिक 27 मार्च तक 24,09,50,842 नमूनों की जांच की जा चुकी है। शनिवार को 11,81,289 नमूनों की जांच की गई।


Download Android App
Download iOS App



