देशभर में मानसून पूरी तरह एक्टिव है। कई राज्यों में भारी बारिश गर्मी से राहत दे रही है, तो कहीं आफत मचा रही है। सावन के तीसरे सोमवार पर मौसम विभाग ने (17 अगस्त) 16 राज्यों में भारी बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर कम दबाव का क्षेत्र तैयार हो चुका है, जिसकी वजह से उत्तर से लेकर मध्य भारत के राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा। आइए जानते हैं, आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम का हाल।
किन राज्यों में होगी बारिश?
मौसम विभाग ने 17 अगस्त को 16 राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की चेतावनी है। इसमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, गुजरात, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, केरल, झारखंड और असम शामिल हैं।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज अगले एक हफ्ते तक राहत भरा रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 17 अगस्त को बारिश का अलर्ट है। IMD के अनुसार, 22 अगस्त तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और अलग-अलग दिनों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस,जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।
यूपी के किन जिलों में होगी बारिश?
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सभी 80 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। राजधानी लखनऊ, नोएडा, आगरा, कानपुर, मेरठ, बरेली और अलीगढ़ समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 25 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 23 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज लखनऊ में अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 27°C रहने की उम्मीद है।
बिहार के 38 जिलों में भारी बारिश

बिहार में मौसम विभाग ने 38 जिलों में गरज-चमक, तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। राजधानी पटना, बक्सर, जहानाबाद, जमुई, कैमूर, औरंगाबाद, दरभंगा, कटिहार, अररिया, लखीसराय, गया, मुंगेर, नालंदा, वैशाली, भागलपुर, किशनगंज, रोहतास, भोजपुर, बांका, नवादा, समस्तीपुर, मधुबनी और पूर्णिया समेत कई जगहों पर तूफानी बारिश का अनुमान है।
आज आपके शहर में कितना रहेगा तापमान?
| शहर (City) | अधिकतम तापमान (17 अगस्त) | न्यूनतम तापमान (17 अगस्त) |
|---|---|---|
| दिल्ली (Delhi) | 34°C | 28°C |
| जयपुर (Jaipur) | 33°C | 26°C |
| पटना (Patna) | 32°C | 27°C |
| मुंबई (Mumbai) | 29°C | 28°C |
| रांची (Ranchi) | 29°C | 23°C |
| लखनऊ (Lucknow) | 29°C | 27°C |
| चेन्नई (Chennai) | 35°C | 28°C |
| कोलकाता (Kolkata) | 28°C | 27°C |
| भोपाल (Bhopal) | 27°C | 24°C |
| शिमला (Shimla) | 25°C | 20°C |
| नैनीताल (Nainital) | 22°C | 21°C |



Download Android App
Download iOS App




