TOP 20 NEWS 31 January : आज की 20 सबसे बड़ी खबरें

Summary :

जानिए देश, विदेश, खेल, और व्यापार से जुड़ी खबरें-ये आज का टॉप 20 न्यूज़ मेनू बताएगा आपको आज की बड़ी और ताज़ा खबरों का पिटारा

1.निर्भया के दोषियों को कल नहीं होगी फांसी, कोर्ट के अगले आदेश तक लगाई रोक
दिल्ली की पटियाला कोर्ट ने निर्भया मामले के दोषियों को एक फरवरी को दी जाने वाली फांसी पर शुक्रवार को अगले आदेश तक रोक लगा दी है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धमेंद्र राणा ने चारों दोषियों की अर्जी पर यह आदेश जारी किया। ये चारों एक फरवरी को फांसी पर अमल पर स्थगन की मांग कर रहे थे। 
2.BJP ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए जारी किया अपना घोषणापत्र
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को अपना घोषणापत्र ‘दिल्ली संकल्प पत्र’ जारी किया और कहा कि पार्टी दिल्ली की तकदीर बदल देगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, प्रकाश जावडेकर, हर्षवर्धन और दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी व सांसदों की उपस्थिति में पार्टी का ‘दिल्ली संकल्प पत्र’ जारी किया गया। 
3.राष्ट्रपति कोविंद बोले- CAA लागू कर सरकार ने महात्मा गांधी का सपना पूरा किया
अर्थव्यवस्था के बिगड़ते हालात के बीच आज संसद का बजट सत्र का पहला चरण शुरू हो गया है। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला बजट 1 फरवरी को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पेश करेंगी।
4.फर्रुखाबाद : बंधक से सभी बच्चों को सुरक्षित बचाया गया, आरोपी और उसकी पत्नी की मौत
फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद के कठरिया गांव में 23 बच्चों को बंधक बनाने वाले व्यक्ति की गंभीर रूप से घायल पत्नी की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। 
5.सोनिया गांधी की अगुवाई में कांग्रेस सांसदों का CAA और NRC को लेकर संसद परिसर में प्रदर्शन
बजट सत्र की शुरुआत से पहले कांग्रेस के सांसदों ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) एवं एनआरसी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों के प्रति एकजुटता प्रकट करते हुए शुक्रवार को संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया।
6.संसद में आर्थिक समीक्षा रिपोर्ट पेश, वित्तवर्ष में वृद्धि दर सुधरकर 6-6.5% के बीच रहने का अनुमान
संसद में शु्क्रवार को प्रस्तुत वर्ष 2019-20 की आर्थिक समीक्षा में कहा गया कि देश की आर्थिक वृद्धि दर में जितनी नरमी आनी थी, वह आ चुकी है और अगले वित्त वर्ष में यह बढ़कर छह से 6.5 प्रतिशत के बीच रहेगी।
7.जामिया गोलीबारी पर बोलीं प्रियंका-जब मंत्री उकसाएंगे तो ऐसा ही होगा
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया के समीप गोलीबारी की घटना को लेकर बीजेपी पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि जब मंत्री और नेता लोगों को गोली मारने के लिए उकसाएंगे तो ऐसी घटनाएं होना मुमकिन है। 
8.चीन में कोरोना वायरस से 213 लोगों की मौत, अंतरराष्ट्रीय आपात स्थिति घोषित
चीन में खतरनाक कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 213 हो गई है और इससे करीब 9,692 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। वहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चीन में फैले इस वायरस को अंतरराष्ट्रीय आपात स्थिति घोषित कर दिया है।
9.दिल्ली पुलिस हेडक्वार्टर के बाहर प्रदर्शनकारी छात्रों को हिरासत में लिया गया
आईटीओ पर स्थित दिल्ली पुलिस के मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को शुक्रवार सुबह हिरासत में लिया गया और इलाके से हटा दिया। जामिया मिल्लिया इस्लामिया के समीप एक व्यक्ति के सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने के विरोध में छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। इस घटना को लेकर छात्र गुरुवार रात से दिल्ली पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। 
10.कोरोना वायरस : चीन में फंसे भारतीयों को लाने के लिए एयर इंडिया का बी747 विमान आज दिल्ली से हुआ रवाना
चीन में तेजी से फ़ैल रहे कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए वहां फंसे भारतीय नागरिकों को बाहर निकालने  के लिए एक पहल की शुरुआत की जा रही है। एयर इंडिया का 423 सीटों वाला बी747 विमान भारतीय नागरिकों को चीन से बाहर निकालने के लिए शुक्रवार को दिल्ली से दोपहर साढ़े 12 बजे रवाना हुआ है।
11.गिरिराज सिंह ने राष्ट्रपति अभिभाषण के दौरान विपक्षी दलों की नारेबाजी को बताया कांग्रेस प्रायोजित
केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को शुरु हुए संसद के बजट सत्र के पहले दिन, राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान कुछ विपक्षी दलों के सदस्यों की नारेबाजी को कांग्रेस प्रायोजित बताते हुए कहा कि संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) कांग्रेस की अतीत की गलतियों को दुरुस्त करने के लिए लागू किया गया है और उसे (कांग्रेस को) इसका समर्थन कर प्रायश्चित करना चाहिए। 
12.विपक्ष ने राष्ट्रपति का नहीं बल्कि संविधान पर हो रहे हमलों का विरोध किया : शशि थरूर
वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर ने शुक्रवार को शुरू हुए संसद के बजट सत्र में राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान विपक्ष द्वारा विरोध प्रकट करने को संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) सहित अन्य अहम मुद्दों की आड़ में संविधान पर हो रहे हमले के विरोध का प्रतीक बताया। 
13.संसद में राष्ट्रपति अभिभाषण के दौरान विपक्ष के हंगामे को BJP ने बताया लोकतंत्र का अपमान
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने संसद के केन्द्रीय कक्ष में राष्ट्रपति अभिभाषण के दौरान विपक्षी सदस्यों द्वारा काली पट्टी बांध कर आने एवं विरोध प्रदर्शन करने को लोकतंत्र का अपमान करार दिया है और मांग की कि वे देश से माफी मांगें।
14.जम्मू-कश्मीर: नगरोटा में पुलिस की टीम पर आतंकियों ने की फायरिंग , 3 आतंकी ढेर
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने एक टोल प्लाजा पर शुक्रवार तड़के तीन-चार आतंकवादियों के समूह के पुलिस पर हमला करने के बाद हुई मुठभेड़ में तीन आतंकवादी को मारा गिराया है। इस दौरान एक पुलिस कर्मी भी घायल हो गया। 
15.जामिया गोलीकांड : आरोपी को 14 दिनों की हिरासत में भेजा गया
जामिया मिल्लिया विश्वविद्यालय के नजदीक सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों के समूह पर पिस्तौल से गोली चलाने वाले युवक को शुक्रवार को किशोर न्याय बोर्ड ने 14 दिनों की हिरासत में भेज दिया। 
16.CAA पर बोले अखिलेश : वसुधैव कुटुंबकम का नारा हो रहा है खराब
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीएए को संविधान की भावना से किया गया खिलवाड़ बताया है। सीएए के खिलाफ शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन पर अखिलेश ने कहा कि मोदी सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करना चाहिए।
17.सोनिया गांधी के निर्देश पर कांग्रेस कर रही है CAA का विरोध : सुब्रमण्यम स्वामी
भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने बुधवार को कहा कि विभाजन के बाद पाकिस्तान से भारत आने वाले हिन्दू और सिखों को नागरिकता प्रदान की जाने की बात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कही थी।
18.आर्थिक समीक्षा से लगता है, सरकार को आम आदमी की चिंता नहीं : कांग्रेस
कांग्रेस ने शुक्रवार को पेश आर्थिक समीक्षा की आलोचना करते हुए दावा किया कि सरकार को आम आदमी की कोई चिंता नहीं है। पार्टी प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने यह भी कहा कि शनिवार को बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण यह बताएं कि 45 साल की सबसे भयावह बेरोजगारी कैसे दूर होगी। 
19.पीओके का पाकिस्तान में विलय करने का कोई प्रस्ताव नहीं : आयशा फारूक
पाकिस्तान ने उन सभी खबरों को खारिज कर दिया जिसमें दावा किया गया था कि सरकार पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर का देश में विलय करना चाहती है। पाकिस्तान ने कहा कि ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है।
20.Ind vs Nz 4th T20i: भारत ने लगातार दूसरी बार सुपर ओवर में रोमांचक जीत के साथ सीरीज में 4-0 की बढ़त बनायी
तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर के कमाल के आखिरी ओवर के बाद भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुक्रवार को चौथे टी-20 मुकाबले में स्कोर टाई हो गया और भारत ने लगातार दूसरी बार सुपर ओवर में रोमांचक मैच जीतकर पांच मैचों की सीरीज में 4-0 की बढ़त बना ली। 

Ujjwal Jain