TOP 5 NEWS 23 NOVEMBER : आज की 5 सबसे बड़ी खबरें

Summary :

देश में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। देश में कोरोना के सक्रिय मामलों में फिर बढ़ोतरी हुई है। बीते चौबीस घंटों के दौरान देशभर में 1215 सक्रिय मामले बढ़े हैं।

1 – पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव : भाजपा के दिखेंगे आक्रामक तेवर, 294 नेताओं को उतारेगी 
भारतीय जनता पार्टी (BJP) पार्टी बड़े ही आक्रामक ढंग से पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लड़ने की योजना बना रही है। बता दें कि अमित शाह पश्चिम बंगाल के 294 विधानसभा सीटों में से 200 सीटों पर जीत दर्ज करने की मंशा के साथ काम कर रहे हैं। इस मामले की जानकारी रखने वाले बीजेपी के एक शीर्ष पदाधिकारी ने कहा कि दिल्ली या देश के अन्य हिस्सों से बीजेपी के 294 नेता पश्चिम बंगाल पहुंचने वाले हैं और स्थानीय इकाई के साथ काम करेंगे। वे प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र के लिए बनाई की जाने वाली 45 सदस्यीय टीम का हिस्सा होंगे। मौजूदा जिला समितियां इन टीमों की सहायता करेंगी। भाजपा पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को सत्ता से बेदखल करने की कोशिश में जुटी है। भाजपा के राज्य नेताओं ने यह भी खुलासा किया कि पार्टी ने डेटा एकत्र करने और उनका विश्लेषण करने के लिए तीन पेशेवर एजेंसियों को काम पर रखा है। 
2 – AIR POLLUTION : खतरनाक स्तर तक पहुंच सकती है दिल्ली की हवा, अगले दो दिन राहत की उम्मीद कम
शनिवार और रविवार को पहले के मुकाबले दिल्ली की हवा में सुधार देखा गया था। लेकिन सोमवार से दिल्ली का प्रदूषण स्तर फिर से बढ़ सकता है। सिस्टम आफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (सफ़र) ने भी दिल्ली में प्रदूषण के बढ़ने की उम्मीद जताई है। बता दें कि भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटा थी। जिससे प्रदूषण के स्तर में गिरावट देखी गई थी। लेकिन सोमवार को हवा की गति 6 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है जिससे प्रदूषण बढ़ सकता है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शनिवार के दिन दिल्ली का AQI (Air Quality Index) 254 और रविवार को 274 था। हालांकि यह स्थिति भी बहुत अच्छी नहीं मानी जाती। 
3 – 17वीं बिहार विधानसभा का पांच दिवसीय पहला सत्र आज से
नए जनादेश के बाद गठित 17वीं बिहार विधानसभा का पहला सत्र सोमवार से आरंभ होगा। वैसे तो पहला सत्र सदस्यों के शपथग्रहण को लेकर खास है लेकिन 110 की संख्या के साथ विपक्ष के दमदार मौजूदगी सदन में रहेगी। बता दें कि कोविड-19 के संक्रमण के बीच आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय सत्र में सामाजिक दूरी को लेकर जहां कई नयापन देखने को मिलेंगे। 17वीं विधानसभा के पांच दिवसीय सत्र का पहला दो दिन सदस्यों के लिहाज से खासा मह्त्वपूर्ण होगा जबकि शेष तीन दिन विधायी कार्यों को लेकर बेहद अहम हैं। 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में 43.2 फीसदी अर्थात 105 ऐसे सदस्य आए हैं जो पहली बार विधानसभा की सदस्यता की शपथ लेंगे। पिछली विधानसभा के भी सदस्य रहे 98 यानी कि 40.3 फीसदी सदस्य इस विधानसभा में भी दोबारा जीतकर आए हैं। वहीं 40 (16.46) ऐसे सदस्य भी 23 और 24 नवम्बर के बीच सदस्यता लेंगे जो अंतराल (ब्रेक) के बाद जीतकर फिर से बिहार विधानसभा पहुंचे हैं। 
4 – CORONAVIRUS : नहीं थम रहा कोरोना का संक्रमण
देश में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। देश में कोरोना के सक्रिय मामलों में फिर बढ़ोतरी हुई है। बीते चौबीस घंटों के दौरान देशभर में 1215 सक्रिय मामले बढ़े हैं। पिछले डेढ़ महीनों से लगातार सक्रिय मामले घट रहे थे क्योंकि नए मरीजों की तुलना में स्वस्थ होने वाले ज्यादा होते थे। लेकिन इधर इसमें एक सप्ताह के दौरान दूसरी बार बढ़ोतरी का रुझान दिखा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार के आंकड़ों के अनुसार 24 घंटों के दौरान कोरोना के 45209 नए मामले आए जबकि इस बीच स्वस्थ होने वालों की संख्या 43493 रही। इससे सक्रिय मामले बढ़ गए। अभी देश में 4,40,962 सक्रिय मामले हैं जो कुल संक्रमण का 4.85 फीसदी हैं।
5 – ट्रंप कैंपेन ने कहा – हमारी टीम का हिस्सा नहीं सिडनी पोवेल 
गुरुवार को मतदाता धोखाधड़ी के मुद्दे पर प्रेस वार्ता करने वाली वकील सिडनी पोवेल ट्रंप टीम का हिस्सा नहीं हैं। ट्रंप के एटॉर्नी रुडी गिउलियानी और वरिष्ठ कानूनी सलाहकार जेना एलिस ने संयुक्त बयान जारी कर कहा, ‘सिडनी पोवेल अपने दम पर कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं और वह ट्रंप के कानूनी टीम का हिस्सा नहीं है। इसके अलावा वह राष्ट्रपति की भी वकील नहीं है।’ उल्लेखनीय है कि नवंबर के शुरुआत में अमेरिका में हुए आम चुनाव में मतदाता धोखाधड़ी के मुद्दे पर गिउलियानी सहित ट्रंप के अन्य वकीलों ने गुरुवार को प्रेस वार्ता की थी। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति-चुनाव में जीत के बाद जो बिडेन अगले हफ्ते की शुरुआत में अपनी कैबिनेट के लिए शीर्ष नेताओं के नाम के लिए तैयार हैं।

Desk Team