TOP- 5 NEWS 24 MARCH : आज की 5 सबसे बड़ी खबरें

Summary :

मंगलवार को देश भर में कोरोना संक्रमण से 276 लोगों की मौत हो गई। एक ही दिन में कोरोना से इतने लोगों की मौत का यह इस साल का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

1 – इस साल पहली बार एक दिन में 276 मौतें, नए केस 47 हजार के पार
मंगलवार को देश भर में कोरोना संक्रमण से 276 लोगों की मौत हो गई। एक ही दिन में कोरोना से इतने लोगों की मौत का यह इस साल का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसके अलावा नए केसों की संख्या भी 47,281 रही है, जो बीते साल 11 नवंबर के बाद किसी एक दिन में मिले सबसे ज्यादा केस हैं। वहीं मौतों की बात करें तो बीते साल 30 दिसंबर के बाद पहली बार इतनी संख्या में लोगों की कोरोना के चलते मौत हुई है। 30 दिसंबर को कोरोना संक्रमण की वजह से 300 लोगों की मौत हो गई थी। बीते दो दिनों से तुलना करें तो मौतों के आंकड़े में यह बड़ा उछाल है। 
2 – जिस क्राइम ब्रांच में तैनात थे वाझे, उसके 65 अफसरों का ट्रांसफर
महाराष्ट्र सरकार ने 86 अफसरों और कर्मचारियों का ट्रांसफर किया है। इनमें 65 अधिकारी मुंबई क्राइम ब्रांच के हैं, जिसमें विवादित अफसर सचिन वाझे की तैनाती थी। सचिन वाझे की एनआईए द्वारा गिरफ्तारी के बाद से यह माना जा रहा है कि सरकार ने उसके करीबी अफसरों को क्राइम ब्रांच से हटाया है। सरकार ने जिन अधिकारियों का ट्रांसफर किया है, उनमें पीआई, एपीआई और पीएसआई लेवल के अफसर शामिल हैं। ट्रांसफर के आदेश मुंबई के जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस की ओर से जारी किए गए हैं। 
3 – होली गाइडलाइन्स : दिल्ली, मुंबई, यूपी, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों ने जारी कीं गाइडलाइंस
समाज का पर्व कहे जाने वाले होली को भी इस बार समूह में मनाने से बचना होगा। दिल्ली, मुंबई, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों और शहरों में प्रशासन ने होली को लेकर गाइडलाइंस जारी की हैं। ऐसे में त्योहार मनाने के साथ ही इन गाइडलाइंस का ध्यान भी रखना होगा ताकि रंग में भंग की स्थिति न पैदा हो। दिल्ली सरकार ने मंगलवार को ही आदेश दिया है कि सार्वजनिक जगहों पर होली समेत दूसरे आयोजन मनाने पर रोक रहेगी।  सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मीटिंग के बाद फैसला लिया गया था कि सार्वजनिक स्थानों पर होली खेलने पर रोक रहेगी। इसके अलावा संक्रमण फैलने की रफ्तार कम न होने से मध्यप्रदेश और गुजरात सरकार ने त्योहार के लिए गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत भीड़ में होली खेलने पर रोक रहेगी। 
4 – आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे : सफर होगा महंगा, 1 अप्रैल से टोल टैक्स में बढ़ोतरी
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सफर करना अब थोड़ा महंगा होगा। कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहन से चलने वालों को इस एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स के रूप में पांच रुपये ज्यादा देना होगा। अब ऐसे वाहनों के लिए टोल टैक्स 595 रुपये के बजाए 600 रुपये होगा। एक अप्रैल से यह दरें हल्के व्यावसायिक वाहन, भारी माल वाहन व मिनी बस के लिए भी लागू होंगी। बस व ट्रक के लिए टोल दरों में कोई इजाफा नहीं किया गया है। 
5 – आज मिली राहत, 24 दिन बाद घटे पेट्रोल-डीजल के दाम, जानिए कितनी हैं कीमतें
सरकारी तेल कंपनियों की ओर से आज 24 दिन बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव हुआ है। आज डीजल 17 और पेट्रोल 18 पैसे सस्ता हुआ है। दिल्ली में पेट्रोल का दाम 90.99 रुपये जबकि डीजल का दाम 81.30 रुपये प्रति लीटर है। वहीं मुंबई में पेट्रोल की कीमत 97.40 रुपये व डीजल की कीमत 88.42 रुपये प्रति लीटर है।  

Desk Team