ट्विटर इंडिया ने नियम उल्लंघन का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के दो ट्वीट हटा दिए। अभिनेत्री केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों की आलोचना कर रही थीं।
कंगना के इन ट्वीट को ढूंढने की कोशिश करने पर यह संदेश मिलता है, ‘‘यह ट्वीट अब उपलब्ध नहीं है क्योंकि इसने ट्विटर नियमों का उल्लंघन किया है।” एक ट्वीट में अभिनेत्री ने देश से ‘कैंसर’ के ‘उन्मूलन’ की बात कही थी।
यह पहला मौका नहीं है जब ट्विटर ने रनौत के खिलाफ कार्रवाई की है। अभिनेत्री के ट्विटर हैंडल को पिछले महीने अमेज़न प्राइम वीडियो के वेब सीरीज “तांडव” से उठे विवादों के संदर्भ में ट्वीट के लिये थोड़े समय के लिये निलंबित कर दिया गया था।
अभिनेत्री ने अपने एक ट्वीट में लिखा था,‘‘उनका सिर धड़ से अलग करने का समय आ गया है’’ जिसको लेकर कई उपयोगकर्ताओं ने शिकायत की थी। अंतरराष्ट्रीय पॉप स्टार रिहाना के किसानों के आंदोलन के समर्थन में सामने आने के बाद रनौत मंगलवार से ट्विटर पर सक्रिय रूप से पोस्ट कर रही हैं।


Download Android App
Download iOS App



