अररिया : बिहार के अररिया में देश विरोधी नारे लगाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि एक फरार है। अररिया के थाना प्रभारी दीपांकर श्रीज्ञान ने शुक्रवार को बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर दो आरोपियों सुल्तान आजमी और शहजाद को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि एक अन्य आरोपी आदिब रजा फरार है।
उन्होंने कहा कि तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि वीडियो में नजर आ रहे तीसरे आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि बिहार की अररिया लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार सरफराज आलम विजयी हुए थे। इस जीत के बाद से एक वीडियो काफी तेजी से सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उनके समर्थक कथित तौर पर पाकिस्तान के समर्थन में और भारत के विरोध में नारे लगा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि अररिया से राजद प्रत्याशी सरफराज आलम की जीत के बाद मनाये जा रहे जश्न में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’और ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ के नारे लग रहे थे। पुलिस जांच में पाया गया कि राजद के नवनिर्वाचित सांसद मो.सरफराज आलम के घर के बाहर कुछ लोगों ने देश विरोधी नारे लगाये थे।
पुलिस ने वीडियाे के आधार पर ही आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले की एक प्राथमिकी गुरुवार को अररिया थाने में दर्ज की थी।स्थानीय लोगों ने आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की थी। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



