यूसीसी को लेकर अमित शाह के बयान पर विपक्ष का पलटवार, कहा- जनता अब दिग्भ्रमित नहीं होगी

Summary :

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तर प्रदेश में फिर से सत्ता में आने पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाले बयान पर विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के नेताओं ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता अब इन घोषणाओं पर भरोसा नहीं करती। पटना में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोध कांत सहाय ने अमित शाह के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के दावों में अब दम नहीं रहा। उन्होंने कहा, “लोकसभा चुनाव में कह रहे थे कि चार सौ सीट…

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तर प्रदेश में फिर से सत्ता में आने पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाले बयान पर विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के नेताओं ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता अब इन घोषणाओं पर भरोसा नहीं करती।

पटना में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोध कांत सहाय ने अमित शाह के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के दावों में अब दम नहीं रहा। उन्होंने कहा, “लोकसभा चुनाव में कह रहे थे कि चार सौ सीट जीतकर आएंगे, लेकिन बहुमत भी नहीं मिला। इन लोगों की बात का कोई बहुत महत्व नहीं है।”

रांची में कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने भी गृह मंत्री के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अब किसी भी राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार नहीं बनेगी।

उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश की जनता संजीदा है। वह चढ़ावे की चोरी करने वाली पार्टी, वोट चोरी करने वाली पार्टी को अब सत्ता सौंपने नहीं जा रही है। अब किसी भी मामले में उत्तर प्रदेश की जनता दिग्भ्रमित नहीं होगी और भाजपा की सरकार नहीं बनेगी।”

राकेश सिन्हा ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधते हुए कहा, “ज्ञानेश कुमार को जाना होगा। ज्ञानेश कुमार जाएंगे तो भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश में सरकार किसी भी सूरत में नहीं बन पाएगी।”

वहीं, रांची में ही जेएमएम नेता मनोज पांडेय ने अमित शाह के यूसीसी वाले बयान को अनर्गल बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घोषणा पर प्रतिक्रिया देना भी उचित नहीं है।

मनोज पांडेय ने कहा, “दस साल से शासन में हैं। इस बार आएंगे तो ऐसा कर देंगे, वैसा कर देंगे, ये अनर्गल बातें क्यों करते हैं? जनता इनकी बातें सुनकर हंसती है। उसी तरह की भाषा का प्रयोग ये अन्य जगहों पर भी करते हैं।”

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “अरे पहले क्यों नहीं किया? ताकत है तो पहले कर दीजिए। सरकार भी आपकी है, डबल-ट्रिपल इंजन की सरकार है। तो ये झूठे लोग हैं, ये लोग सिर्फ जुमला बोलते हैं।”

–आईएएनएस

पीआईएम/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.