एयर इंडिया की सेवा पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उठाए सवाल

Summary :

शिवराज सिंह चौहान ने एयर इंडिया की सीटें खराब बताईं

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को एयर इंडिया की भोपाल से दिल्ली फ्लाइट में खराब सीट मिलने पर कड़ी और उन्होंने एयरलाइन की खराब सर्विस की निंदा की। चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “मैंने एयर इंडिया की भोपाल से दिल्ली फ्लाइट क्रमांक एआई436 में टिकट करवाई थी, मुझे सीट क्रमांक 8सी आवंटित हुई। सीट टूटी और अंदर धंसी हुई थी और उस पर बैठना तकलीफदायक था। जब मैंने विमान कर्मियों से पूछा कि खराब सीट आवंटित क्यों की? उन्होंने बताया कि प्रबंधन को पहले सूचित कर दिया था कि ये सीट ठीक नहीं है, इसका टिकट नहीं बेचना चाहिए। ऐसी एक नहीं और भी सीटें हैं।”

उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, “मेरी धारणा थी कि टाटा प्रबंधन के हाथ में लेने के बाद एयर इंडिया की सेवा बेहतर हुई होगी, लेकिन ये मेरा भ्रम निकला। साथ ही कहा कि यात्रियों से पूरा पैसा वसूलने के बाद उन्हें खराब और कष्टदायक सीट पर बैठाना अनैतिक है। क्या ये यात्रियों के साथ धोखा नहीं है?”

केंद्रीय मंत्री ने पोस्ट में आगे बताया कि सहयात्रियों ने उनकी परेशानी देखकर अच्छी सीट पर बैठने के लिए आग्रह भी किया, लेकिन वे अपने लिए किसी और मित्र को तकलीफ क्यों दें? इस कारण से खराब सीट पर ही बैठकर यात्रा करने का फैसला किया। इसके लिए चौहान ने एयरलाइन पर सवाल उठाते हुए कहा कि आगे किसी यात्री को ऐसा कष्ट न हो, इसके लिए एयर इंडिया प्रबंधन कदम उठाएगा या यात्रियों की जल्दी पहुंचने की मजबूरी का फायदा उठाता रहेगा।

ज्ञात हो कि एयर इंडिया का अधिग्रहण टाटा ग्रुप की ओर से 2022 में किया गया था, तब से टाटा ग्रुप द्वारा एयरलाइन का कायाकल्प किया जा रहा है। बीते साल दिसंबर में एयर इंडिया ने 100 अतिरिक्त यात्री विमानों का ऑर्डर एयरबस को दिया था। इसमें 10 वाइडबॉडी ए350 और 90 नैरोबॉडी ए321नियो सहित ए320 एयरक्राफ्ट शामिल थे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.